
चढ़ावा चोरी के आरोपित चौहान के आवास से मिली कई देशों की करेंसी
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि व जेवरात चुराने के आरोप में सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान को एसआइटी ने शुक्रवार को किया था गिरफ्तार, शनिवार को अदालत में किया पेश, 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया चमोली की पुरसाड़ी जेल, आरोपित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को तीन दिन के रिमांड पर लेने की याचिक हुई खारिज, 13 जुलाई से जेल में है नौटियाल
देहरादून, 18 जुलाई 2026: बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावा चोरी के आरोप में गिरफ्तार किए गए सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान के बदरीनाथ स्थित आवास से एसआइटी ने कई देशों की करेंसी बरामद की है। शुक्रवार को आरोपित की गिरफ्तारी के बाद एसआइटी ने उसके सरकारी आवास की तलाशी ली, जिसमें विदेशी करेंसी समेत अन्य वस्तुएं मिलीं। इस बीच शनिवार को उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपित को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में पुरसाड़ी जेल भेज दिया है। अदालत ने इसी मामले में गत 12 जुलाई को गिरफ्तार किए गए वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को रिमांड पर लेने की याचिका खारिज कर दी। एसआइटी ने उसकी तीन दिन की रिमांड देने का अनुरोध किया था।
इसी साल 30 जून को मंदिर अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हुए चौहान को सीसीटीवी फुटेज की जांच में कई बार दान राशि व जेवरात चोरी करते हुए देखा गया था। इसके बाद से एसआइटी आरोपित की कुंडली खंगालने में जुटी हुई है। एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि आरोपित फिलहाल सरकारी आवास में ही रह रहा है। उसके आवास से तलाशी में बांग्लादेश, सऊदी अरब, नेपाल, रूस आदि देशों की करेंसी और केसर के सात व देशी घी के एक-एक किलो वाले सात डिब्बे बरामद हुए। बताया कि विदेशी करेंसी व सामग्री श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल काे अर्पित की थी।

चढ़ावा चोरी में हो चुके अब तक दो गिरफ्तार, कई अन्य भी निशाने पर
बदरीनाथ धाम में दो जुलाई को चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद खंगाली जा रही सीसीटीवी फुटेज में दान राशि व जेवरात चुराते देखे जाने पर एसआइटी अब तक बदरी-केदार मंदिर समिति के वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल और सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर चुकी है। एसपी चमोली पंवार ने बताया कि कुछ अन्य कार्मिकों के विरुद्ध भी दान-चढ़ावे में हेराफेरी के साक्ष्य मिले हैं, जिनका परीक्षण किया जा रहा है। जल्द उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जा सकता है। बता दें कि बदरी विशाल को अर्पित किए गए जेवरात के रिकार्ड में ओवरराइटिंग पर खजांची संदेश मेहता को पदमुक्त किया जा चुका है। इसके अलावा दो और कार्मिकों की भी जल्द गिरफ्तारी हो सकती है। उन्हें भी गणना के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दान-चढ़ावा जेब में रखते देखा गया था। वहीं, एक श्रद्धालु भी एसआइटी के राडार पर है। फुटेज में उसकी स्थिति भी संदेहास्पद मिली है। बताया जा रहा कि उसे जल्द पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।




