Blog

इस बार माणा पास माउंटेन टेरेन बाइक चैलेंज रेस से बदरीशपुरी की परिक्रमा भी जुड़ी

This time, the Mana Pass Mountain Terrain Bike Challenge race also included the circumambulation of Badrishpuri.

खबर को सुनें


इस बार माणा पास माउंटेन टेरेन बाइक चैलेंज रेस से बदरीशपुरी की परिक्रमा भी जुड़ी

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले देश-विदेश के प्रतिभागी बदरीनाथ धाम की परिक्रमा कर यहां अन्य तीर्थस्थलों व गांवों का करेंगे भ्रमण, 26 सितंबर को होगा प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ, 27 सितंबर को माणा से 54 किमी दूर देवताल पहुंचेगी चैलेंज रेस

देहरादून, 08 अगस्त 2026: आस्था, साहस व पर्यटन की त्रिवेणी माणा पास माउंटेन टेरेन बाइक चैलेंज प्रतियोगिता को और रोचक बनाने और स्थानीय रोजगार से जोड़ने के लिए इस बार इससे बदीनाथ परिक्रमा रन को भी जोड़ा गया है। इसके तहत माणा पास जाने से पहले देश-विदेश के प्रतिभागी बदरीनाथ धाम की परिक्रमा कर बदरीशपुरी के अन्य तीर्थ स्थलों व गांवों का भ्रमण भी करेंगे। इस प्रतियोगिता को वर्ष 2024 में इंडिया बुक आफ रिकार्ड में उच्च हिमालयी क्षेत्र में एडवेंचर गतिविधियों का सम्मान मिल चुका है।

स्की माउंटेनियरिंग एसोसिएशन की शनिवार को हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि बीते चार साल से लगातार माणा पास माउंटेन टेरेन बाइक चैलेंज रेस का आयोजन हो रहा है। इस बार कार्यक्रम को एक दिन और बढ़ाते हुए बदरीशपुरी की परिक्रमा को भी इसमें जोड़ा गया है। बताया कि 26 सितंबर को बदरीनाथ धाम के अराइवल प्लाजा में प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ होगा। प्रतिभागी यहां से बामणी गांव, नंदा मंदिर, उर्वशी मंदिर, भगवान बदरी नारायण के जन्मस्थल लीलाढूंगी, इंद्रधारा, भृगु गुफा व माता मूर्ति मंदिर होते हुए माणा और फिर बदरीनाथ पहुंचेगे। इस दौरान प्रतिभागी स्थानीय गांवों के साथ बदरीनाथ धाम से जुड़े अन्य तीर्थ स्थलों के दर्शन कर उनके माहात्म्य से भी परिचित होंगे।

27 सितंबर को माणा पास एमटीबी चैलेंज रेस 54 किमी सीमा क्षेत्र में देवताल पहुंचेगी। यहां से प्रतिभागी अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए वापस बदरीनाथ धाम लौटेंगे और वहां समापन समारोह में शामिल होंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए आवेदन के लिए तिथि एक सितंबर निर्धारित की गई है। सीमा क्षेत्र में जाने के लिए प्रशासन से अनुमति पत्र लेना जरूरी है, जो कि शपथ पत्र और स्वास्थ्य जांच के बाद ही दिया जाता है।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button