उत्तराखंड में इस दिन से बदलेगा मौसम का मिजाज, शुरू होगी कड़ाके की ठंड

देहरादून, 25 अक्टूबर 2025: उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन ज्यादा दिन तक हालात ऐसे नहीं रहने वाले। मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर से ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले सप्ताह से ठंड में इजाफा शुरू हो सकता है।
फिलहाल, पहाड़ से लेकर मैदान तक तेज धूप और सामान्य से अधिक तापमान बना हुआ है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भी ठंड नदारद है, जबकि इस समय तक आमतौर पर ऊनी कपड़े निकल आते थे। शनिवार को देहरादून समेत आसपास के इलाकों में सुबह से ही चटख धूप खिली रही। सुबह-शाम हल्की ठंडक जरूर महसूस हुई, लेकिन दिन में गर्मी का एहसास हुआ। देहरादून में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री, जबकि न्यूनतम 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक से दो डिग्री अधिक है। वहीं, ऊधम सिंह नगर में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री तक गिरा है। पर्वतीय इलाकों में खासकर मुक्तेश्वर (9.1 डिग्री) और नई टिहरी (10 डिग्री) में सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ी है, लेकिन दोपहर मे तेज धूप हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, फिलहाल रविवार तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सोमवार से पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।



