दिवाली पर ऐसे संदेश मिले तो रहें सावधान…हो सकते हैं साइबर ठगी के शिकार
Be cautious if you receive such messages during Diwali—you could fall victim to a cyber scam.

गाजियाबाद, 5 नवंबर 2026 : गाजियाबाद के मोदीनगर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक स्कूल संचालक को व्हाट्सएप पर दिवाली की शुभकामना का संदेश भेजा। इसके बाद उनका मोबाइल हैक कर तीन बैंक खातों और यूपीआई से 5.88 लाख रुपये निकाल लिए। ठगी का पता तब चला, जब बैंक की ओर से फोन कर खाते से बार-बार रकम निकालने के प्रयास की जानकारी दी गई।
नगर के तिबड़ा मार्ग निवासी अजय कुमार शर्मा पब्लिक स्कूल संचालक हैं। उनके अनुसार, मंगलवार को उनके व्हाट्सएप पर दिवाली की शुभकामना का संदेश आया था। इसके बाद उनके मोबाइल में एक ऐप इंस्टॉल हो गया। मंगलवार अपराह्न करीब चार बजे उनका मोबाइल चार्जिंग पर लगा हुआ था। इसी दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा से उनके पास कॉल आया। बैंककर्मी ने बताया कि उनके खाते से बार-बार रकम निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके बाद अजय शर्मा ने अपने बैंक खाते चेक किए तो पता चला कि साइबर ठगों ने पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और आंध्रा बैंक के तीन खातों के साथ ही यूपीआई के माध्यम से कुल 5.88 लाख रुपये निकाल लिए हैं। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कोई ऐप डाउनलोड नहीं किया था। उन्होंने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।



