भालू के हमले में गंभीर घायल हुआ ग्रामीण, प्रशासन ने हेली एबुलेंस से दून अस्पताल भेजा
Villager critically injured in bear attack; administration sends him to Doon Hospital via air ambulance

भालू के हमले में गंभीर घायल हुआ ग्रामीण, प्रशासन ने हेली एबुलेंस से दून अस्पताल भेजा
देहरादून, 16 अक्टूबर 2026 : उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनाघाटी के कफनौल गांव में शुक्रवार को भालू ने एक ग्रामीण को गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीण को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कफनौल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बाहर ले जाने की सलाह दी। इस पर जिला प्रशासन ने हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कर ग्रामीण को देहरादून स्थित दून मेडिकल काॅलेज अस्पताल भेज दिया।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। बड़कोट तहसील के कफनौल गांव स्थित दमड़ी तोक में ग्रामीण रणवीर कफोला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कफनौल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। परिजनों के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) से समन्वय कर हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। इसके बाद शाम करीब 5:10 बजे घायल को हेलीकाप्टर से दून अस्पताल भेजा गया।
इस घटना के बाद से कफनौल समेत आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त करने के साथ भालू की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।



