केदारनाथ जा रहे दो हेलीकाप्टर, मौसम खराब होने के कारण अगस्त्यमुनि में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
Two helicopters bound for Kedarnath had to make an emergency landing at Agastyamuni due to bad weather.

केदारनाथ जा रहे दो हेलीकाप्टर, मौसम खराब होने के कारण अगस्त्यमुनि में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
दोनों चार्टर हेलीकाप्टर में छह-छह यात्री थे सवार, उत्तरकाशी और देहरादून से मंगलवार दोपहर केदारनाथ धाम जा रहे थे हिमालयन हेली सर्विसेज और कैन एयरो कंपनी के ये हेलीकाप्टर
देहरादून, 06 अक्टूबर 2026: केदारघाटी में मौसम का मिजाज बिगड़ने के कारण मंगलवार दोपहर उत्तरकाशी व देहरादून से केदारनाथ जा रहे दो हेलीकाप्टरों की अगस्त्यमुनि में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उनमें सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। डीजीसीए दोनों मामलों की जांच करा है।
जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी के झाला से केदारनाथ जा रहे हिमालयन हेली सर्विसेज के हेलीकाप्टर की केदारघाटी में मौसम प्रतिकूल होने के कारण दो बजे के आसपास अगस्त्यमुनि में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इसके कुछ ही देर बाद देहरादून से केदारनाथ जा रहे कैन एयरो कंपनी के हेलीकाप्टर को भी मौसम का मिजाज बिगड़ने के कारण अगस्त्यमुनि में उतारा गया। दोनों हेलीकाप्टर में पायलट समेत छह-छह लोग सवार थे।
उत्तरकाशी के जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि दोनों हेलीकाप्टरों की सुरक्षा की दृष्टि से इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि दोनों हेलीकाप्टरों और यात्रियों के संबंध में प्रशासन की ओर से जानकारी ली गई है। वहीं, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) दोनों मामलों की जांच कर रहा है। पायलटों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पता लग सके कि हेलीकाप्टर किसी स्थिति में थे।



