
सेना ने किया माउंट माणा चोटी का सफल आरोहरण
सेना ने दस सितंबर को बदरीनाथ धाम से की थी पर्वतारोहण अभियान की शुरुआत, लगभग एक माह चले इस अभियान के तहत दल ने माउंट माणा क्षेत्र की कठिन पर्वतीय परिस्थितियों के बीच किया अभ्यास, लिया प्रशिक्षण

सेना ने दस सितंबर को बदरीनाथ धाम से की थी पर्वतारोहण अभियान की शुरुआत, लगभग एक माह चले इस अभियान के तहत दल ने माउंट माणा क्षेत्र की कठिन पर्वतीय परिस्थितियों के बीच किया अभ्यास, लिया प्रशिक्षण
गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर लैंसडौन के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी के नेतृत्व में बीते दस सितंबर को बदरीनाथ धाम से इस पर्वतारोहण अभियान की शुरुआत हुई थी। लगभग एक माह तक चले अभियान के तहत पर्वतारोही दल ने माउंट माणा क्षेत्र की कठिन पर्वतीय परिस्थितियों के बीच प्रशिक्षण और अभ्यास किया। अत्यधिक ऊंचाई, दुर्गम भूभाग और प्रतिकूल मौसम ने अभियान को चुनौतीपूर्ण बनाया, लेकिन सैनिकों ने धैर्य, अनुशासन और टीम भावना के साथ हर चुनौती का डटकर मुकाबला किया। अभियान के निर्णायक चरण में दल ने माउंट माणा के मुख्य शिखर पर सफलतापूर्वक पहुंचकर रेजिमेंटल ध्वज के साथ तिरंगा लहराया। इसी के साथ पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। यह उपलब्धि सैनिकों की दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिस्थितियों में लक्ष्य हासिल करने की क्षमता का प्रतीक बनी।
सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने अभियान में शामिल सभी पर्वतारोहियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि माउंट माणा के शिखर पर तिरंगा और रेजिमेंटल ध्वज लहराना पूरी रेजिमेंट के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने पर्वतारोहियों के साहस, समर्पण, अनुशासन और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के जवानों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।