
सीबीएसई की राष्ट्रीय टीम के हेड कोच बने कोटद्वार अरुण नेगी
65-वें इंटरनेशनल फुटबाल टूर्नामेंट 2026 के लिए हुई है अरुण की यह नियुक्ति, आज से शुरू हो रहा यह टूर्नामेंट, गढ़वाल राइफल्स में सेवाकाल के दौरान आर्मी ग्रीन फुटबाल टीम से लेकर आर्मी कमांड फुटबाल टीम तक का हिस्सा रह चुके हैं अरुण
देहरादून, 14 सितंबर 2026: कोटद्वार के फुटबाल कोच अरुण नेगी को सीबीएसई की राष्ट्रीय टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है। अरुण की नियुक्ति 65-वें इंटरनेशनल फुटबाल टूर्नामेंट 2026 के लिए हुई है। यह दस-दिवसीय टूर्नामेंट मंगलवार से दिल्ली में शुरू हो रहा है।
पूर्व सैनिक अरुण नेगी गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट में तैनात थे और सैन्य सेवा के दौरान ही उन्होंने फुटबाल को अपना कैरियर बनाया। सेवाकाल में वह आर्मी ग्रीन फुटबाल टीम से लेकर आर्मी कमांड फुटबाल टीम तक का हिस्सा रहे।
उन्होंने आर्मी चैंपियनशिप में आठ बार प्रतिभाग किया और वर्ष 2013 में संतोष ट्राफी में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व भी किया। वर्तमान में अरुण कार्बेट फुटबाल क्लब में हेड कोच हैं। वे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण प्रणाली विकसित करने, कोचिंग मानकों को बेहतर बनाने, खिलाड़ियों का मूल्यांकन करने और ग्रासरूट से लेकर उच्च स्तर तक प्रतिभाओं को तैयार करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने भी अरुण को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने अरुण के फुटबाल के प्रति समर्पण और मेहनत की सराहना की। कार्बेट एफसी और एमिनिटी पब्लिक स्कूल के निदेशक सुभाष अरोड़ा ने भी अरुण को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि अरुण का अनुभव एवं युवा खिलाड़ियों के साथ काम करने की उनकी क्षमता टीम सीबीएसई के लिए लाभदायक साबित होगी।


