कानून व्यवस्थाक्राइम

प्यार में दूरी बढ़ी तो रची हत्या की साजिश, पांच लाख में दी सुपारी

दूसरी युवती से सगाई के बाद पूर्व प्रेमिका ने बनाया हत्या का प्लान, शूटर ने बाइक से पीछा कर बैंककर्मी पर चलाई गोली, मुठभेड़ में पकड़ा गया, पूर्व प्रेमिका समेत तीन गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

खबर को सुनें


देहरादून, 13 सितंबर 2026 : प्यार में दूरी बढ़ी तो पूर्व प्रेमिका ने बैंककर्मी को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। पुलिस के मुताबिक, दूसरी युवती से सगाई के बाद बैंककर्मी ने उससे दूरी बना ली थी। इससे नाराज पूर्व प्रेमिका ने परिचित के जरिये शूटर से संपर्क किया और पांच लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया। आठ सितंबर को बड़ोवाला में बाइक सवार शूटरों ने बैंककर्मी का पीछा कर उस पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल बैंककर्मी का उपचार चल रहा है।

मामले की जांच में जुटी पटेलनगर पुलिस ने 11 सितंबर को मुठभेड़ के बाद फायरिंग के आरोपी अंकित चौहान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है और वह पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में उपचाराधीन है। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी अंकुर फरार है।

2020 से चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस के मुताबिक, मालिया रहमान और बैंककर्मी सत्यम कुमार के बीच वर्ष 2020 से प्रेम संबंध था। दोनों एक ही बैंक में काम करते थे। करीब पांच साल तक संबंध रहने के बाद वर्ष 2023 में मालिया ने परिवार के दबाव में दूसरी शादी कर ली। हालांकि इसके बाद भी दोनों का संपर्क बना रहा। बाद में उसकी शादी टूट गई और सत्यम से संबंध फिर जारी रहे।

दूसरी युवती से सगाई के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 में सत्यम ने दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद उसने मालिया से दूरी बनानी शुरू कर दी और सोशल मीडिया पर भी उसे ब्लॉक कर दिया। पुलिस का दावा है कि इसी बात से नाराज मालिया ने सत्यम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पांच लाख में तय हुआ हत्या का सौदा

जांच में सामने आया कि मालिया ने अपने परिचित मोहित के जरिये लक्सर निवासी अंकित चौहान से संपर्क किया। पुलिस के मुताबिक, सत्यम की हत्या के लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसमें से 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए। शूटर को सत्यम की तस्वीर और देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी दी गई थी।

बाइक से पीछा कर बड़ोवाला में मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत आठ सितंबर को अंकित चौहान अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून पहुंचा। दोनों ने बड़ोवाला क्षेत्र में सत्यम की स्कूटी का पीछा किया। आरोप है कि बाइक सवारों ने स्कूटी को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया और सत्यम पर गोली चला दी। फायरिंग में बैंककर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस तक खंगाला

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस को आरोपियों के दोबारा देहरादून आने की जानकारी मिली, जिसके बाद उनकी घेराबंदी की गई।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में शूटर घायल

11 सितंबर को पटेलनगर पुलिस ने गोरखपुर चौक के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस के रोकने पर दोनों बाइक छोड़कर चाय बागान की पगडंडी की ओर जंगल में भागने लगे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की। घायल अंकित को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सुपारी की रकम लेने दोबारा आए थे

पुलिस पूछताछ में अंकित से मिली जानकारी के आधार पर कथित सुपारी की कड़ी सामने आई। पुलिस के अनुसार, मोहित के माध्यम से अंकित को मालिया के बारे में जानकारी मिली थी और उसी के कहने पर सत्यम को निशाना बनाया गया। पुलिस का कहना है कि फायरिंग के बाद बची हुई सुपारी की रकम लेने के लिए अंकित और उसका साथी दोबारा देहरादून आए थे। इसी दौरान पुलिस ने आईएसबीटी के पास मालिया रहमान और मोहित को भी गिरफ्तार कर लिया।

तीन गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

पुलिस ने मालिया रहमान, मोहित और अंकित चौहान को गिरफ्तार किया है। अंकित मुठभेड़ में घायल होने के बाद पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है। वहीं घटना में शामिल अंकुर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार अंकित चौहान के खिलाफ लक्सर में चोरी और आर्म्स एक्ट समेत पहले से मुकदमे दर्ज होने की बात भी पुलिस ने बताई है।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button