Blogअंतरराष्ट्रीयउत्तराखंडकानून व्यवस्थाक्राइमगिरफ़्तारचारधाम यात्रादान व चढ़ावा चोरीराष्ट्रीय

चढ़ावे की चोरी में वैयक्तिक सहायक नौटियाल गिरफ्तार, जेल भेजा

Personal assistant Nautiyal arrested for theft of offerings, sent to jail

खबर को सुनें


चढ़ावे की चोरी में वैयक्तिक सहायक नौटियाल गिरफ्तार, जेल भेजा

दो जुलाई को सामने आया था बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे की चोरी का मामला, बदरीनाथ कोतवाली में आरोपित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल से दिनभर चली पूछताछ, पांच अन्य कार्मिकों के बयान भी किए गए दर्ज, गबन के पर्याप्त साक्ष्य मिले, आरोपित से एक शालिग्राम शिला भी बरामद हुई, एसआइटी ने लैपटाप कब्जे में लिया

देहरादून, 13 जुलाई 2026: बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावा चोरी के आरोपित निलंबित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को एसआइटी ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे रविवार रात 10 बजे देहरादून के नेहरू कालोनी स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया। सोमवार को दिनभर बदरीनाथ कोतवाली में उससे पूछताछ होती रही। शाम को गोपेश्वर में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। दान-चढ़ावे की गणना में शामिल रहे पांच अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि नौटियाल समेत पांच गवाहों के बयान एसआइटी ने दर्ज किए हैं। नौटियाल के विरुद्ध गबन के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। उसका लैपटाप कब्जे में ले लिया गया है।  उसके पास एक शालिग्राम शिला भी बरामद हुई है।

बदरीनाथ धाम में दो जुलाई को गणना के दौरान एक साधु के दान-चढ़ावे में हेराफेरी का विरोध करने पर यह मामला सामने आया था। अगले दिन भैरव सेना की शिकायत पर बदरी-केदार मंदिर समिति ने मामले में चार सदस्यीय टीम बनाकर विभागीय जांच बैठा दी थी। प्रमोद नौटियाल के विरुद्ध बदरीनाथ कोतवाली में गबन का मामला दर्ज है। उस पर गणना के दौरान चढ़ावे की रकम व सोने-चांदी के सिक्कों के पैकेट गायब करने का आरोप है। बदरी-केदार मंदिर समिति की जांच में भी इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि वह नोटों के बंडल, सोने-चांदी की वस्तुएं, शालिग्राम शिला व केसर के पैकेट गणना स्थल से बाहर ले गया था। मामला सामने आने के बाद से ही नौटियाल बिना विधिवत अवकाश लिए गायब चल रहा था। हालांकि, विभागीय जांच में हेराफेरी की पुष्टि होने के बाद से ही उस पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई थी।

अदालत से नौटियाल को रिमांड पर देने का किया जाएगा अनुरोध

एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार का कहना है कि प्रारंभिक जांच में गवाहों के बयान, 25 जून और दो जुलाई की सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया है। 25 जून को आरोपित प्रमोद नौटियाल एक बार और दो जुलाई को तीन बार गणना स्थल से पांच-पांच सौ के नोटों के बंडल मोबाइल के नीचे छिपाते और सोने-चांदी के सिक्के और केसर के पैकेट जेब में रखने देखा गया। कहा कि पुलिस अदालत से नौटियाल को रिमांड पर देने का जल्द अनुरोध करेगी।

अध्यक्ष को सौंपी विभागीय जांच की रिपोर्ट

चार सदस्यीय विभागीय जांच टीम ने सोमवार को अपनी 18 पेज की रिपोर्ट ऋषिकेश के चारधाम ट्रांजिट कैंप स्थित कार्यालय में मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को सौंप दी। सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि जांच में छह कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए। रिपोर्ट की प्रति एसआइटी को भी दी गई है। वहीं,  शासन के निर्देश पर गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति मंगलवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर अपनी जांच शुरू करेगी। बीती सात जुलाई को गठित इस समिति को 15 दिन में अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपनी है।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button