
ऋषिकेश, 27 अक्टूबर 2025: उत्तराखंड की धरती एक बार फिर खेल प्रतिभा की चमक से रोशन हुई है। ऋषिकेश निवासी प्रज्ञा जोशी का चयन विश्व जुजित्सु चैंपियनशिप-2025 के लिए हुआ है। वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
एक से सात नवंबर तक यह चैंपियनशिप थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में आयोजित की जाएगी। भारतीय दल में कुल 22 खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड की प्रज्ञा भी हैं।
प्रज्ञा जोशी न केवल एक खिलाड़ी हैं, बल्कि एक मार्शल आर्ट्स एकेडमी की निदेशक और मुख्य कोच भी हैं। प्रज्ञा के चयन पर खेल मंत्री रेखा आर्या, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और उत्तराखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी।



