जंगल में गाय लेने गई थी महिला, भालू ने कर दिया हमला… ऐसे बचाई जान

पौड़ी, 24 अक्टूबर 2025: पहाड़ के शांत गांवों में वन्यजीवों का खौफ बढ़ता जा रहा है। पौड़ी जिले के विकासखंड पाबौ के बनेख गांव में शुक्रवार शाम एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह भालू को भगाया और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
ग्राम प्रधान सरोजनी देवी ने बताया कि गांव के बलवीर सिंह की पत्नी शंकरी देवी (51) अपनी गाय लेने जंगल की ओर गई थीं। शाम करीब साढ़े पांच बजे झाड़ियों से निकले भालू ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिलाएं घबरा गईं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं।
ग्रामीणों ने लाठियों और पत्थरों से भालू को खदेड़ा। शंकरी देवी के सिर और पैर पर गहरे जख्म आए हैं। उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ में भर्ती कराया गया, जहां उपचार चल रहा है।
40 मवेशियों को निवाला बना चुका भालू
थलीसैंण ब्लॉक के ढाईज्यूली पट्टी में अगस्त से अब तक भालू 40 मवेशियों को निवाला बना चुका है, जबकि एक महिला पर हमला भी कर चुका है। कल्जीखाल ब्लॉक के मनियारस्यूं पट्टी में भी कई मवेशियों पर भालू के हमले हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से भालू गांवों के आस-पास घूम रहे हैं, जिससे लोगों में डर बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और भालू को पकड़ने की मांग की है।



