
ओडिशा, 14 अक्टूबर 2025: ओडिशा के बालेश्वर जिले के मल्लीचुआ गांव में अंधविश्वास का ऐसा आलम है कि एक परिवार को जादू-टोना के शक में पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। इस प्रताड़ना से 52 वर्षीय महिला की जान चली गई। मामले में पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गांव में एक युवक की मौत के बाद कुछ लोगों ने इसके लिए गांव के ही चैत सिंह (45) और उनके परिवार को जिम्मेदार ठहरा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चैत सिंह, उनकी पत्नी मुनी सिंह (32) व भाभी टूनी सिंह (52) को पैरों में बेड़ी डालकर कैद कर लिया और बेरहमी से पीटा।
पुलिस टीम कड़ी मशक्कत के बाद गांव पहुंची और पीड़ित परिवार को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस को मौके पर पहुंचने से रोकने की ग्रामीणों ने काफी कोशिश की। इसके बाद चैत सिंह और फिर हालत बिगड़ने पर टूनी सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रविवार रात टूनी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।



