
देहरादून, 30 सितंबर 2025: सोशल मीडिया पर हुई अभद्र टिप्पणी ने देहरादून शहर के पटेलनगर इलाके में बवाल को जन्म दे दिया। सोमवार रात विवादित पोस्ट के विरोध में सैकड़ों लोग बाजार चौकी के बाहर इकट्ठा हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस के समझाने के बावजूद जब भीड़ नहीं मानी, तो उसे नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि सोमवार शाम एक व्यक्ति ने फेसबुक पर धार्मिक पोस्ट पर अभद्र टिप्पणी की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टिप्पणी करने वाले गुलशन, निवासी ब्रह्मपुरी और मूल निवासी ग्राम सरोना, थाना बिलग्राम, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया। साथ ही फेसबुक से टिप्पणी को हटवाया गया।
कुछ समय बाद मुस्लिम समुदाय के लोग चौकी के बाहर इकट्ठा होकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब उन्होंने सड़क जाम कर दी और धार्मिक नारे लगाने शुरू किए, तो स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।



