
हरिद्वार, 30 सितंबर 2025: रानीपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित भेल सेक्टर-5 के पास लेबर कॉलोनी में रविवार रात एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने लोहे की रॉड या डंडे से पत्नी के सिर पर कई बार वार किए। मृतका मंजू के पिता ने इस घटना में उसके पति घनश्याम, उसके भाई रोहिताश और भतीजे सोपिन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने बताया कि घनश्याम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद के भदौला गांव का निवासी है। वह पहले भेल में संविदा कर्मी था और पत्नी मंजू तथा दो बेटों के साथ लेबर कॉलोनी में रह रहा था। शराब की लत और जमीन के विवाद ने दोनों के बीच तनाव बढ़ा दिया था।
रविवार रात घनश्याम शराब पीकर घर लौटा तो पति-पत्नी के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि घनश्याम ने मंजू को पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मंजू का बड़ा बेटा श्रेयांश घर पहुंचा तो मां बेसुध पड़ी थी और उसके सिर से खून बह रहा था। आनन-फानन में मंजू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच घनश्याम मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जमीन विवाद से बढ़ा तनाव
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंजू के नाम एक जमीन है, जिस पर घनश्याम अपना नाम दर्ज कराने का दबाव डाल रहा था। इसी कारण दोनों में लगातार झगड़ा चल रहा था। मृतका के दो बेटे हैं।



