क्राइम

गिरफ्तार हुए महिलाओं को ठगने वाले ढोंगी

Fraudsters who duped women arrested

खबर को सुनें


गिरफ्तार हुए महिलाओं को ठगने वाले ढोंगी

ऑपरेशन कालनेमि 

देहरादून, 13 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ऑपरेशन कालनेमि” अभियान के तहत दून पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ऐसे ढोंगी बाबाओं को गिरफ्तार किया है, जो साधु का वेश धारण कर महिलाओं को झांसे में लेकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
यह मामला थाना रानीपोखरी क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार दिनांक 10 सितम्बर को दो अज्ञात साधु भेषधारी व्यक्तियों ने एक महिला और उसकी सास को यह कहकर डरा दिया कि उनके पति/पुत्र पर दैवीय प्रकोप है और तीन दिन में उसकी मृत्यु हो जाएगी। भयभीत महिलाओं को पूजा-पाठ और जादू-टोने के नाम पर उन्होंने झांसे में लिया और उनसे 3500 रुपये नगद तथा कान की बालियां हड़प लीं। इसके बाद उन्हें धमकाया गया कि अगर इस घटना की जानकारी किसी को दी तो परिवारजन की जान को खतरा होगा।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना रानीपोखरी में मुकदमा दर्ज किया गया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर आज सुबह रानीपोखरी क्षेत्र के संनगाँव मार्ग पर घूम रहे दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कहनूर (25) और गोपी (18), दोनों निवासी भीमनगर, जिला होशियारपुर, पंजाब, के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2100 रुपये नगद, पीड़िता की कान की बालियां और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (प्लेटिना, PB7CD6860) बरामद की।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे साधु का वेश धारण कर भोले-भाले लोगों को डराकर इसी तरह ठगी करते हैं और पूजा-पाठ के नाम पर रुपए ऐंठते हैं। घटना वाले दिन भी वे किसी अन्य महिला को झांसा देने की फिराक में थे लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रानीपोखरी उपनिरीक्षक विकेन्द्र चौधरी, उपनिरीक्षक सीमा राघव, हेड कांस्टेबल शशिकांत और कांस्टेबल शशिकांत की टीम शामिल रही।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button