उत्तराखंड
यहां अचानक बढ़ गया नदी का जलस्तर, अटक गईं मासूमों की सांसें
ऊधम सिंह नगर की घटना, एसडीआरएफ की टीम ने सभी को सुरक्षित निकाला

देहरादून। ऊधम सिंह नगर जिले के कुंडा में दोपहर के समय नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे स्कूली बच्चों समेत कई लोग नदी के दूसरी ओर फंस गए। एसडीआरएफ की टीम ने सभी को सुरक्षित निकाला।
घटना पतरामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। एसडीआरएफ के अनुसार, 21 स्कूली बच्चे, 11 पुरुष और दो महिलाएं नदी के दूसरी ओर फंस गए थे। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एसडीआरएफ रुद्रपुर टीम राफ्ट और रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने रोप से बंधी राफ्ट के सहारे नदी के दूसरी ओर पहुंचकर सभी को रेस्क्यू किया। इससे पहले टीम ने कुंडा क्षेत्र में फंसे एक अन्य व्यक्ति को भी राफ्ट की मदद से निकाला। एसडीआरएफ की तत्परता से बड़ी आपदा टल गई।



