उत्तराखंड

एक बार फिर चर्चा में आईएफएस अधिकारी संजीव चतुर्वेदी

खबर को सुनें


देहरादून, 28 सितंबर 2025: उत्तराखंड के चर्चित आईएफएस अधिकारी संजीव चतुर्वेदी से जुड़े मामलों में न्यायाधीशों के लगातार स्वयं को सुनवाई से अलग करने का सिलसिला जारी है। अब उत्तराखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवीन्द्र मैठाणी ने भी उनकी अवमानना याचिका की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। अब तक संजीव से जुड़े मामलों की सुनवाई से 15 न्यायाधीश अलग हो चुके हैं। इस तरह यह प्रकरण देश के न्यायिक इतिहास में अभूतपूर्व रिकॉर्ड स्थापित करता जा रहा है।

इसी 20 सितंबर को दिए आदेश में न्यायमूर्ति मैठाणी ने केवल इतना लिखा कि मामला किसी अन्य पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया जाए, जिसके वे सदस्य न हों। आदेश में अलग होने का कोई कारण दर्ज नहीं किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार यह घटनाक्रम और भी असामान्य बन गया है, क्योंकि अधिकांश मामलों में जजों ने कारण स्पष्ट नहीं किया।

ये जज भी खुद को कर चुके अलग

  • सुप्रीम कोर्ट: न्यायमूर्ति रंजन गोगोई (2013), न्यायमूर्ति यूयू ललित (2016)
  • उच्च न्यायालय: न्यायमूर्ति मनोज तिवारी (2024), न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल (2023), न्यायमूर्ति रवीन्द्र मैठाणी (2025)
  • केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट): आठ न्यायाधीश, जिनमें तत्कालीन अध्यक्ष एल. नरसिम्हन रेड्डी भी शामिल
  • निचली अदालतें: हिमाचल और उत्तराखंड की अदालतों के दो न्यायाधीश
  • इस साल ही फरवरी में कैट की डिवीजन बेंच (हरविंदर ओबेरॉय और बी. आनंद) तथा अप्रैल में देहरादून की एसीजेएम नेहा कुशवाहा भी चतुर्वेदी के मामलों से अलग हो चुकी हैं।

कौन हैं संजीव चतुर्वेदी?
संजीव चतुर्वेदी उत्तराखंड कैडर के 2002 बैच के आईएफएस अधिकारी हैं। हरियाणा कैडर में रहते हुए उन्होंने कई प्रभावशाली नेताओं और नौकरशाहों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। कानूनी विशेषज्ञ मानते हैं कि इतने बड़े पैमाने पर लगातार जजों का हटना न्यायिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। यह न केवल पारदर्शिता और न्याय की उपलब्धता पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि संजीव चतुर्वेदी के मामलों की संवेदनशीलता कितनी गहरी है।

 

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button