उत्तराखंडजंगली जानवरों का शिकारडरराष्ट्रीयहाथियों का आतंक

खेत में घास काट रहा था किसान, हाथी ने सिर पर पैर रखकर कुचल डाला

A farmer was cutting grass in the field when an elephant crushed him by stepping on his head.

खबर को सुनें


खेत में घास काट रहा था किसान, हाथी ने सिर पर पैर रखकर कुचल डाला

गुरुवार शाम की है यह घटना, लोगों के शोर मचाने पर भागा जंगल की ओर, किसान की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग कार्यालय पर की नारेबाजी, हाईवे जाम करने का किया प्रयास, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की उठाई मांग

देहरादून, 08 अक्टूबर 2026: हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के सजनपुर गांव में खेत में घास काट रहे किसान को हाथी ने कुचलकर मार डाला। हाईवे से इस घटना को देख रहे लोगों के शोर मचाने पर हाथी जंगल की ओर भागा। किसान की मौत की सूचना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। साथ ही हाईवे को जाम करने का प्रयास भी किया।

जानकारी के अनुसार सजनपुर निवासी 52 वर्षीय सतपाल गुरुवार शाम बाहर पीली स्थित कुंडीकोटेश्वर मंदिर के सामने खेत में घास काट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए हाथी ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी बेहद आक्रामक था और उसने सतपाल को कई बार जमीन पर पटकने का प्रयास किया और फिर उनके सिर पर पैर रख दिया। हाईवे से इस घटना को देख रहे लोगों ने शोर मचाया तो हाथी जंगल की ओर भाग गया। गंभीर रूप से घायल सतपाल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीण वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय श्यामपुर पहुंचे, लेकिन वहां ताला लटका मिला। यह देख ग्रामीणों ने वन विभाग के विरुद्ध नारेबाजी शुरू कर दी और हाईवे जाम करने का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया और सड़क से हटाया। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले एक किसान के खेत में हाथी की मौत के मामले
में वन विभाग ने संबंधित किसान को जेल भेज दिया था। अब किसान की हाथी के हमले में मौत के बावजूद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में घूम रहे आक्रामक हाथी से निजात दिलाने की मांग की।

ग्रामीणों के साथ राहगीरों के लिए भी खतरा बना बिगड़ैल हाथी

सजनपुर में किसान की जान लेने वाले हाथी को लेकर ग्रामीणों में पहले से ही भय बना हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार यह हाथी पिछले कुछ समय से लगातार
आक्रामक व्यवहार कर रहा है और आबादी व हाईवे के आसपास लोगों पर हमला करने की कोशिश कर रहा है। करीब डेढ़ माह पहले पीली पड़ाव क्षेत्र में बाजार की ओर आ रहे एक वन गुर्जर पर हाथी ने हमला किया था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।  दो दिन पहले बाहर पीली के समीप हाईवे पर फोटो खींच रहे एक थार चालक
को भी हाथी ने निशाना बनाने का प्रयास किया था। हाथी ने गुस्से में थार को सूंड से तीन बार पलटने की कोशिश की। राहगीरोंने के शोर मचाने पर वह जंगल की ओर भागा। उनका कहना है कि हाथी को आबादी और हाईवे से दूर रखने के लिए वन विभाग को तत्काल प्रभावी कदम उठाने होंगे। अन्यथा वह ग्रामीणों के साथ राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा बन जाएगा।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button