घास काटने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला…यहां की है घटना
क्षत-विक्षत हालत में मिला शव ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार के खतरे से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की

श्रीनगर। श्रीनगर-पौड़ी मार्ग पर खंडाह से करीब तीन किलोमीटर आगे स्थित अमदार तरौली गांव में गुलदार के हमले में 51 वर्षीय महिला की मौत हो गई। शुक्रवार शाम घास काटने जंगल गई महिला पर झाड़ियों में छिपे गुलदार ने हमला कर दिया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे महिला घास काटने के लिए जंगल गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गुलदार ने महिला के गले पर वार किया। कुछ समय बाद महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महिला की मौत से परिजनों और ग्रामीणों में शोक है। वहीं, आबादी के नजदीक गुलदार के हमले से लोगों में भय बढ़ गया है। ग्रामीणों को अब रोजमर्रा के कामों के लिए घरों से बाहर निकलने में भी खतरा महसूस हो रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पर्वतीय क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रही हैं। अमदार तरौली की घटना के बाद अब लोगों को वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।



