Heritageअंतरराष्ट्रीयअध्यात्मउत्तराखंडऊर्जाऑफबीटतीर्थाटनधरोहरधर्म-परम्पराएंपर्यटनराष्ट्रीयसंस्कृति

सिद्धपीठ कुरुड़ के गर्भगृह से आज बाहर आएगी देवी नंदा-राजराजेश्वरी की डोली

The palanquin of Goddess Nanda-Rajrajeshwari will emerge from the sanctum sanctorum of the sacred shrine of Kurud on Thursday.

खबर को सुनें


सिद्धपीठ कुरुड़ के गर्भगृह से गुरुवार को बाहर आएगी देवी नंदा-राजराजेश्वरी की डोली

कुरुड़ में तीन दिवसीय मां नंदा राजराजेश्वरी सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास मेले की होगी भव्य शुरुआत, नंदा देवी बड़ी जात की सभी तैयारियां पूरी, पांच सितंबर को मायके कुरुड़ से ससुराल कैलास के लिए प्रस्थान करेंगी देवी नंदा

देहरादून, 02 सितंबर 2026: पांच सितंबर से शुरू होने वाली नंदा देवी बड़ी जात की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार तीन सितंबर को नंदा देवी सिद्धपीठ कुरुड़ के गर्भगृह से देवी नंदा-राजराजेश्वरी की डोली को बाहर लाया जाएगा। इसी के साथ कुरुड़ में तीन दिवसीय मां नंदा राजराजेश्वरी सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास मेले का
भव्य शुभारंभ हो जाएगा। आयोजन का हिस्सा बनने के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी कुरुड़ पहुंचने लगे हैं।

बड़ी जात की तैयारियों के क्रम में नंदा धाम की सात क्विंटल फूलों से भव्य सजावट की गई है। नंदा देवी बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत (सेनि) ने बताया कि परंपरा के अनुसार गुरुवार को पूजा-अर्चना के बाद देवी नंदा व नंदा राजराजेश्वरी की डोलियां मंदिर के गर्भगृह से बाहर आकर परिसर में विराजमान होंगी। कुरुड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखबीर रौतेला ने बताया कि मेले में महिला मंगल दलों व स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मेला परिसर में विभागीय योजनाओं के स्टाल भी लगाए गए हैं।

मेले और बड़ी जात के लिए यातायात प्लान एवं पार्किंग व्यवस्था

कुरुड में आयोजित तीन दिवसीय मां नंदा राजराजेश्वरी सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास मेले और नंदा देवी बड़ी जात के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए चमोली पुलिस ने यातायात प्लान तैयार किया है। इसके तहत नंदानगर की ओर से आने वाले सवारी वाहन श्रद्धालुओं को कुरुड़ गांव में उतारने के बाद वापस नंदानगर की ओर लौटेंगे। वहीं, कुरुड़ आने वाले सार्वजनिक व निजी वाहन कुरुड़ हेलीपैड पुल से लुणंतरा रोड की ओर निर्धारित स्थान पर पार्क किए जाएंगे। यातायात बाधित न हो, इसका वाहन चालक विशेष ध्यान रखेंगे। इसी तरह कुरुड़ से नंदानगर की ओर तथा कुरुड़ से हेलीपैड पुल तक सड़क के दोनों ओर हर तरह के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

बड़ी जात का हिस्सा नहीं बनेंगी मंदिर समितियों की डोली-छंतोली

चमोली जिले की विभिन्न मंदिर समितियों ने स्पष्ट किया है कि उनकी डोलियां बड़ी जात में नहीं, बल्कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली श्री नंदा देवी राजजात में शामिल होंगी। इस संबंध में समितियों की ओर से जिलाधिकारी चमोली को भी पत्र लिखा गया है। दशदशम कालीमठ (दशोलीगढ़) मंदिर समिति कोट कंडारा नंदप्रयाग के अनुसार दशोलीगढ़ की नंदा डोली राजजात का हिस्सा बनेगी। सिद्धपीठ लाता नंदा भगवती मंदिर समिति के अध्यक्ष दरबान सिंह रावत ने कहा कि लाता ग्रामसभा की नंदा डोली बड़ी जात में शामिल नहीं होगी। वहीं, श्री फ्यूंलानारायण स्थूल देवी मेला एवं जात समिति कल्प क्षेत्र भर्की-भेंटा ज्योतिर्मठ ने भी स्पष्ट किया है कि पैनखंडा परगने से भर्की-भेंटा की डोली भी राजजात में ही शामिल होगी। पूजा समिति रविग्राम ज्योतिर्मठ ने भी बदरीश छंतोली को राजजात में शामिल करने का निर्णय लिया है।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button