
ऋषिकेश, 2 अक्टूबर 2025: सोशल मीडिया पर आई लव महादेव पोस्ट डालने पर एक हिंदू युवक को दूसरे समुदाय के कुछ युवकों ने जमकर पीटा। इससे आक्रोशित हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली परिसर में नारेबाजी की। पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। गिरफ्तारी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
घटना मंगलवार 30 सितंबर शाम की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, ऋषिकेश में हिंदू रक्षा दल से जुड़े एक युवक ने सोशल मीडिया पर आई लव महादेव पोस्ट डाल दी, जो दूसरे समुदाय के कुछ युवकों को नागवार गुजरी। उन्होंने युवक को सोशल मीडिया से पोस्ट हटाने के लिए कहा और ऐसा नहीं करने पर उसे पीटना शुरू कर दिया। घटना तब हुई, जब युवक देहरादून रोड स्थित एक गैराज में काम कर रहा था। युवक के सिर पर चोट आई। स्थानीय लोग उसे सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायल युवक ने इस संबंध में कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम कोतवाली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपित युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस का कहना है मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।



