अंतरराष्ट्रीयअध्यात्मउत्तराखंडऑफबीटचारधाम यात्रातीर्थाटनराष्ट्रीय
केदारनाथ धाम के लिए सात सितंबर से बुक होंगे हेली टिकट
Helicopter tickets for Kedarnath Dham will be available for booking starting September 7.

केदारनाथ धाम के लिए सात सितंबर से बुक होंगे हेली टिकट
15 सितंबर से शुरू होंगी दूसरे चरण की हेली सेवाएं, गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से उड़ान भरेंगे हेली, यात्री heliyatra.irctc.co.in पर जाकर बुक करा सकेंगे टिकट
देहरादून, 03 सितंबर 2026: केदारनाथ धाम के लिए दूसरे चरण की हेली सेवा 15 सितंबर से शुरू हो रही है। इसके लिए टिकटों की आनलाइन बुकिंग सात सितंबर पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगी। यात्री heliyatra.irctc.co.in पर जाकर टिकट बुक करा सकेंगे। ये टिकट वही बुक करा सकते हैं, जिन्होंने चारधाम यात्रा के लिए पहले ही पंजीकरण किया हुआ है।
चारधाम यात्रा में केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा का विशेष महत्व है। दरअसल, केदारनाथ जाने के लिए यात्रियों को गौरीकुंड से 16 किमी की खड़ी चढ़ाई पैदल तय करनी पड़ती है। इसमें छह से सात घंटे का समय लग जाता है। जबकि, हेली सेवा से यात्री 10 से 15 मिनट में केदारनाथ धाम पहुंच जाते हैं। हालांकि, वर्षाकाल के दो-ढाई महीने धाम के लिए हेली सेवा का संचालन नहीं होता। अब जबकि वर्षाकाल विदाई की ओर है, तो प्रशासन ने हेली सेवा की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी कड़ी में दूसरे चरण की यात्रा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था की जा रही है, ताकि यात्री घर बैठे टिकट प्राप्त कर सकें। अभी यह बुकिंग आगामी 15 दिनों के हेली टिकटों के लिए होगी। यात्रियों को निर्धारित वेबसाइट पर जाकर उपलब्ध तिथि और सेवा के अनुसार बुकिंग करनी होगी। ऑनलाइन टिकट आवंटन होने से यात्रियों को बुकिंग के लिए अलग से काउंटरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने के कारण टिकटों की उपलब्धता और बुकिंग का रिकार्ड भी ऑनलाइन रहेगा।
हेली टिकटों का किराया (दोनों तरफ का)
-
गुप्तकाशी से केदारनाथ व वापसी : ₹ 12,762
-
फाटा से केदारनाथ व वापसी : ₹ 10,164
-
सिरसी से केदारनाथ व वापसी : ₹ 6,390



