उत्तराखंडराजनीति

बारिश में कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’, सीएम आवास के बैरिकेड तक पहुंचे हजारों कार्यकर्ता

महिला अपराध, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता और किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा, मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान का मुद्दा भी उठाया, कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी

खबर को सुनें


देहरादून, 7 सितंबर 2026 : राजधानी देहरादून में मंगलवार को कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद प्रदेशभर से जुटे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करते हुए हाथीबड़कला में पुलिस बैरिकेड तक पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न मुद्दों पर विरोध जताया। प्रदर्शन के कारण शहर के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बनी रही।

प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद भाजपा से जुड़े संगठनों पर उनके कथित अपमान का आरोप लगाया। इसके अलावा महिला अपराध, पेपर लीक, सरकारी भर्तियों में अनियमितता, किसानों की समस्याओं और जमीनों की नीलामी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा, करन माहरा, डॉ. हरक सिंह रावत, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी समेत पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां, बैनर और पार्टी के झंडे लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

सरकार पर लगाए आरोप

प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ देश के वरिष्ठ दलित नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। उनके प्रति किसी भी प्रकार का अपमान लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जातिवादी और लोकतंत्र विरोधी मानसिकता को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने प्रदेश में महिला अपराधों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने महिला अपराधों में प्रभावी कार्रवाई, पीड़ितों को न्याय और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सभी भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने तथा कथित भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच की मांग की।

किसानों और जमीन के मुद्दे पर भी घेरा

कांग्रेस ने किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। नेताओं ने कहा कि महंगाई, बढ़ती लागत और बाजार की समस्याओं से किसान पहले ही परेशान हैं। उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान, उचित मुआवजे और कथित उत्पीड़न के मामलों में कार्रवाई की मांग की। जमीनों की नीलामी के मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जमीन और प्राकृतिक संसाधन जनता की धरोहर हैं। किसी भी अपारदर्शी या अनैतिक प्रक्रिया से जमीन की नीलामी अथवा हस्तांतरण का पार्टी विरोध करेगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘हल्ला बोल’ केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम जनता की आवाज है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मुद्दों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन करेगी।

कई लोगों ने ली कांग्रेस की सदस्यता

कार्यक्रम के दौरान पूर्व मेयर रुड़की यशपाल राणा, पूर्व प्रमुख एवं 2002 में विधानसभा प्रत्याशी रहे भुवनेश खर्कवाल, मनोज सैनी, रविंद्र आनंद, रामकुमार वालिया और अधिवक्ता सचिन कुमार ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button