उत्तराखंडडरभालू का आतंक

फिर किया एक महिला पर भालू ने हमला, गंभीर घायल

Another woman was attacked by a bear, seriously injured

खबर को सुनें


फिर किया एक महिला पर भालू ने हमला, गंभीर घायल

रात भालू के हमले के बाद गोशाला से लापता गाय को ढूंढने गांव की अन्य महिलाओं के साथ पास के जंगल की ओर गई थी महिला, वापस लौटते समय चारापत्ती काटने के दौरान झपटा भालू

देहरादून, 7 फरवरी 2026: शुक्रवार रात भालू के हमले के बाद लापता हुई गाय की ढूंढ में शनिवार सुबह जंगल की ओर गई पौड़ी जिले के द्वारीखाल ब्लाक की ग्राम च्वरा निवासी एक महिला भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हमला तब हुआ, जब महिला वापस लौटते हुए एक स्थान पर घास काटने लगी। महिला को बेस चिकित्सालय कोटद्वार में प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून रेफर कर दिया गया। दो दिन पहले जिले के ही ओडली गांव में भी भालू ने एक महिला को गंभीर घायल कर दिया था।

दरअसल, च्वरा निवासी सोदाबंरी देवी की गोशाला में बंधी दुधारु गाय को शुक्रवार रात भालू ने मार दिया और फिर वह गोशाला से उसे घसीटकर जंगल की ओर ले गया। शनिवार सुबह सोदाबंरी देवी गाय की तलाश में अन्य महिलाओं के साथ जंगल की ओर निकली तो गाय घर से कुछ ही दूरी पर मृत पड़ी मिली। घर वापसी के दौरान वह एक अन्य महिला के साथ पेड़ से पत्तियां काटने लगीं। इसी दौरान भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू ने उनके सिर को अपने जबड़े में जकड़ दिया व झाड़ियों की ओर खींचने लगा। वह तो आसपास मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाने के साथ भालू की ओर पत्थर फेंके तो वह सोदांबरी देवी को छोड़कर भाग निकला।

गंभीर रूप से घायल सोदांबरी देवी को उपचार के लिए चेलूसैंण स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें कोटद्वार बेस चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कोटद्वार से भी देहरादून के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। हालांकि, घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ भालू की तलाश की। ग्रामीणों ने वन महकमे से तत्काल भालू को पकड़ने की मांग की है।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button