
हरिद्वार, 14 अक्टूबर 2025: जिले के बहादराबाद कस्बे में रविवार रात दो दोस्तों के बीच हुआ विवाद खूनखराबे में बदल गया। बताया जा रहा है कि नशे के आदी एक युवक ने अपने साथी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बहादराबाद निवासी रोहित और सौरभ पुराने मित्र थे। बताया जा रहा है कि दोनों नशे के आदी थे। रविवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर रोहित ने गुस्से में आकर चाकू से सौरभ पर कई वार कर दिए। घायल सौरभ सड़क पर लहूलुहान हालत में गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सौरभ को एक निजी अस्पताल ले गई, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। उपचार के दौरान सौरभ की मौत हो गई। मृतक के स्वजन की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।



