
आल इंडिया प्राइज मनी फुटबॉल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंची में BNFC मुंबई
गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली ने नेपाल FC को 4-2 से हराया, अब 12 सितंबर को हल्द्वानी FC के साथ होगा गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली का अगला लीग मुकाबला, बागेश्वर के नुमाइश मैदान में हो रहा प्रतियोगिता का आयोजन
बागेश्वर, 11 सितंबर 2026 : उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के बागेश्वर जिले में चल रही आल इंडिया प्राइज मनी फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 अब रोमांचक दौर में पहुंच गई है। नुमाइश मैदान में खेले जा रहे मुकाबलों में देश-विदेश की प्रतिष्ठित टीमें शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता में BNFC मुंबई ने सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है, जबकि लीग मुकाबले में गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली ने नेपाल FC को 4-2 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पूर्व मंत्री चंदन राम दास की स्मृति में फ्रेंड्स क्लब बागेश्वर की ओर से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन क्लब के अध्यक्ष मनोज कपकोटी, सचिव कमल शाह जगाती व आयोजन समिति के सदस्यों के सहयोग से किया जा रहा है। प्रतियोगिता 30 अगस्त को शुरू हुई थी, जबकि इसका फाइनल मुकाबला 15 सितंबर को खेला जाएगा।
गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली ने नेपाल FC को 4-2 से हराया
लीग मुकाबले में गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली और नेपाल FC के बीच रोमांचक खेल देखने को मिला। मैच की शुरुआत में नेपाल FC ने शानदार खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई। नेपाल की ओर से आदित्य ने 15वें मिनट व सुजल ने 45वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम के बाद गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली ने जोरदार वापसी करते हुए लगातार चार गोल दागे। दिल्ली की ओर से अभय ने 50वें मिनट, शुभम ने 60वें और 66वें मिनट, जबकि हर्षु ने 88वें मिनट में गोल किया। इस तरह गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 4-2 से अपने नाम कर लिया। गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली का अगला लीग मुकाबला अब 12 सितंबर को हल्द्वानी FC के साथ होगा।
BNFC मुंबई सेमीफाइनल में
प्रतियोगिता में BNFC मुंबई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इसके साथ ही गोवा FC ने भी सेमीफाइनल में स्थान बना लिया है। सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर बागेश्वर के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।
देश-विदेश की 12 मजबूत टीमें ले रहीं हिस्सा
फ्रेंड्स क्लब बागेश्वर के सचिव कमल शाह जगाती ने बताया कि प्रतियोगिता में श्रेष्ठ 12 टीमों को प्रतिभाग करने का अवसर दिया गया है। इनमें BNFC मुंबई, गोवा FC, मुनस्यारी FC, पिथौरागढ़ FC, मऊ स्पोर्ट्स स्टेडियम, दिल्ली FC, बागेश्वर FC, नेपाल FC, मध्य प्रदेश FC, बंगाल FC व हल्द्वानी FC सहित देश-विदेश की प्रतिष्ठित टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। आयोजन समिति की ओर से सभी प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों व अधिकारियों के लिए आवास, भोजन और स्थानीय आवागमन की समुचित व्यवस्था की गई है।
वीरेन्द्र रावत को सौंपी गई तकनीकी जिम्मेदारी
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप संचालित करने के लिए उत्तराखंड के पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, रेफरी एवं इंटरनेशनल कोच वीरेन्द्र सिंह रावत को टेक्निकल डायरेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि, अनुभवी रेफरियों की टीम में भूपाल सिंह नेगी, मनोज नेगी, प्रकाश रोनी, हर्षित चौहान, सनम पुन व विमल सिंह रावत शामिल हैं। किशन कुमार मैच कमिश्नर बनाए गए हैं।
विजेता को ₹1.51 लाख और पांच फीट की ट्रॉफी



