अवार्डउत्तराखंडपुरस्कारप्रेरणामनोरंजनयूथराष्ट्रीयसम्मानस्पोर्ट्स

बागेश्वर में दिख रहा आल इंडिया प्राइज मनी फुटबॉल चैंपियनशिप का रोमांच

The excitement of the All India Prize Money Football Championship is visible in Bageshwar.

खबर को सुनें


बागेश्वर में दिख रहा आल इंडिया प्राइज मनी फुटबॉल चैंपियनशिप का रोमांच

पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं इंटरनेशनल कोच वीरेन्द्र सिंह रावत हैं चैंपियनशिप के टेक्निकल डायरेक्टर, 30 अगस्त को शुरू हुई चैंपियनशिप का समापन 17 सितंबर को होगा

देहरादून, 07 सितंबर 2026: उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के बागेश्वर जिले में खेल प्रेमी इन दिनों आल इंडिया प्राइज मनी फुटबॉल चैंपियनशिप के रोमांच में डूबे हैं। पूर्व मंत्री चंदन राम दास की स्मृति में आयोजित यह चैंपियनशिप बीते 30 अगस्त को शुरू हुई थी और 17 सितंबर को इसका समापन होगा। चैंपियनशिप में नेपाल समेत देश की 12  टीम प्रतिभाग कर रही हैं।

फ्रेंड्स क्लब बागेश्वर की ओर से नुमाइश मैदान में आयोजित यह प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में खेली जा रही है। आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज कपकोटी ने बताया कि प्रतिदिन शाम चार बजे एक मुकाबला आयोजित किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी नुमाइश मैदान पहुंच रहे हैं। बागेश्वर में फुटबॉल को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने ने फुटबॉल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में नुमाइश मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस भव्य फुटबॉल प्रतियोगिता को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

आयोजन समिति के सचिव कमल शाह जगाती ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए देश-विदेश से कुल 48 टीमों की एंट्री प्राप्त हुई थी, जिनमें से सर्वश्रेष्ठ 12 टीमों को इसमें प्रतिभाग करने का अवसर दिया गया है। समिति की ओर से सभी 12 टीमों के खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए आवास, भोजन और स्थानीय आवागमन की समुचित व्यवस्था की गई है।

ये टीमें कर रहीं प्रतिभाग

प्रतियोगिता में BNFC मुंबई, गोवा FC, मुनस्यारी FC, पिथौरागढ़ FC, मऊ स्पोर्ट्स स्टेडियम, झुमका सिटी FC बरेली (उत्तर प्रदेश), बागेश्वर FC, नेपाल FC, मध्य प्रदेश FC, बंगाल FC व पंजाब FC की टीम हिस्सा ले रही हैं।

पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉलर वीरेन्द्र  रावत संभाल रहे तकनीकी जिम्मेदारी

उत्तराखंड के  पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, रेफरी एवं इंटरनेशनल कोच वीरेन्द्र सिंह रावत को प्रतियोगिता का टेक्निकल डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। जबकि रेफरियों की टीम में भूपाल सिंह नेगी, मनोज नेगी, प्रकाश रोनी, हर्षित चौहान, सनम पुन व विमल सिंह रावत हैं। किशन कुमार  मैच कमिश्नर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

विजेता को मिलेगी 1.51 लाख रुपये और पांच फीट की ट्रॉफी

आयोजन समिति के सचिव कमल शाह जगाती ने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को पांच फीट की शानदार ट्रॉफी और ₹1.51,000 लाख का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। वहीं, उपविजेता टीम को चार फीट की आकर्षक ट्रॉफी एवं ₹51 हजार का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।  प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट गोलकीपर और बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जैसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी नवाजा  जाएगा।

रोज शाम चार बजे से हो रहे रोमांचक मुकाबले

प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में खेली जा रही है। प्रतिदिन शाम चार बजे एक मुकाबला आयोजित किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी नुमाइश मैदान पहुंच रहे हैं। बागेश्वर में फुटबॉल को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

विदेशी खिलाड़ी बने आकर्षण का केंद्र

प्रतियोगिता में सूडान, नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों की मौजूदगी भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। स्थानीय खेल प्रेमियों में विदेशी खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के मुकाबलों और खिलाड़ियों की गतिविधियों को लोग सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार साझा कर रहे हैं।

FIFA World Cup 2026 के नए नियमों के अनुसार हो रहे मुकाबले

टेक्निकल डायरेक्टर वीरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में फुटबॉल के नवीनतम नियमों को ध्यान में रखते हुए मुकाबले संचालित किए जा रहे हैं। बताया कि FIFA World Cup 2026 से जुड़े नए नियमों और तकनीकी प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए रेफरियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया है। प्रतियोगिता के प्रत्येक मुकाबले का संचालन अनुभवी एवं प्रशिक्षित रेफरियों द्वारा किया जा रहा है।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button