
60 किमी दौड़कर हिमालय और संस्कृति की सुरक्षा का संदेश देंगे कलम सिंह
7,300 फीट की ऊंचाई पर ग्राम मुन्दोली से शुरू होकर 14,000 फीट की ऊंचाई पर वेदनी बुग्याल तक लगाएंगे दौड़, रन फार सेफ कल्चर एंड हिमालयाज अभियान के तहत आयोजित हो रही यह दौड़
देहरादून, 17 सितंबर 2026 : हिमालय के पर्यावरण, प्राकृतिक विरासत और समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलम सिंह बिष्ट शुक्रवार सुबह 60 किमी की दौड़ लगाएंगे। यह विशेष दौड़ रन फार सेफ कल्चर एंड हिमालयाज अभियान के तहत होगी और 7,300 फीट की ऊंचाई पर ग्राम मुन्दोली से शुरू होकर 14,000 फीट की ऊंचाई पर वेदनी बुग्याल तक जाएगी। यहां से दौड़ वापस ग्राम मुन्दोली पहुंचेगी।
इस 60 किमी रन का उद्देश्य केवल शारीरिक चुनौती पूरा करना नहीं, बल्कि हिमालय की संवेदनशील प्रकृति और सांस्कृतिक विरासत के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। कलम सिंह स्थानीय ग्रामीणों, युवा पीढ़ी और मां नंदा की बड़ी जात में शामिल यात्रियों से विशेष अपील करेंगे कि हिमालय को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। कहा कि हिमालय हमारी प्राकृतिक धरोहर होने के साथ-साथ हमारी संस्कृति, परंपराओं, आस्था और जीवन शैली का आधार है। इसलिए बुग्याल, जंगल, जलस्रोत व पर्वतीय क्षेत्रों को कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक से बचाना जरूरी है। साथ ही स्थानीय रीति-रिवाजों और परंपराओं का सम्मान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
रन फार सेफ कल्चर एंड हिमालयाज के माध्यम से युवाओं को प्रकृति संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का संदेश दिया जाएगा। कलम सिंह सभी स्थानीय लोगों और यात्रियों से अपील करेंगे कि वह मिलकर ‘हिमालय को सुरक्षित रखें, संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखें’ के संकल्प को आगे बढ़ाएं।



