
वन विभाग के कानों में अपनी बात पहुंचाने ड्रम बजाते हुए डीएफओ दफ्तर पहुंचे छात्र
जिला मुख्यालय पौड़ी के बीआर माडर्न स्कूल को जोड़ने वाले रास्ते में झुका हुआ चीड़ का पेड़ बना है राहगीरों के लिए खतरा, जल्द इसे हटाया न गया तो तेज वर्षा या हवा के झोकों से कभी भी हो सकता है धराशायी, ध्यान नहीं दे रहा वन विभाग
देहरादून, 25 अगस्त 2026: जिला मुख्यालय पौड़ी के बीआर मार्डन स्कूल को जोड़ने वाले मार्ग में पिछले एक साल से खतरा बने पेड़ को हटाने के लिए जब वन विभाग ने कोई पहल नहीं की छात्रों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित छात्र मंगलवार को न केवल सड़क पर उतर आए, बल्कि वन अधिकारियों के कान खोलने के लिए ड्रम बजाते हुए डीएफओ दफ्तर जा धमके। उन्होंने मांग की कि खतरा बने इस पेड़ को जल्द से जल्द वहां से हटाया जाए। यह पेड़ कभी भी अनहोनी का कारण बन सकता है।
मंगलवार सुबह बीआर माडर्न स्कूल के सौ से अधिक छात्रों ने डीएफओ कार्यालय पहुंचकर वहां अपनी पीड़ा बयां की। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य दामोदर प्रसाद मंमगाई ने डीएफओ महातिम यादव को बताया कि वर्ष 2025 से प्रशासन से लगातार पत्राचार किया जा रहा है कि रास्ते के किनारे झुका हुआ यह पेड़ कभी भी दुर्घटना का सबब बन सकता है, लेकिन इस ओर ध्यान देना जरूरी नहीं समझा जा रहा। बताया कि पेड़ रास्ते की ओर लगातार झुक रहा है और तेज वर्षा या हवा के झोकों से कभी भी धराशायी हो सकता है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि डीएफओ के साथ वार्ता सकारात्मक रही और उन्होंने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि रास्ते में चीड़ के तीन पेड़ खतरा बने हुए हैं। लेकिन, जिस भूमि पर ये पेड़ स्थित हैं, वह राजकीय पालीटेक्निक के स्वामित्व में है। इस संबंध में वन विकास निगम से पत्राचार किया गया है। जल्द इन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी।



