

देहरादून, 12 अक्टूबर 2025: देहरादून के शिमला बाईपास रोड पर शनिवार रात हुए एक सड़क हादसे में भाजयुमो के महानगर महामंत्री और डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह बिष्ट की मौत हो गई, जबकि उनका साथी ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया है। ऋतिक को फिलहाल वेलमेड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा सेंट ज्यूड्स स्कूल के पास उस वक्त हुआ जब जितेंद्र अपने दोस्तों के साथ कार्यालय से निकलकर घर जाने की तैयारी में थे। जानकारी के अनुसार, शनिवार को उनके एक दोस्त का जन्मदिन था। सभी लोग केक काटने के बाद जितेंद्र के सेंट ज्यूड्स चौक स्थित श्री गणेश प्रॉपर्टी कार्यालय से बाहर निकले ही थे कि ट्रांसपोर्ट नगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जितेंद्र कार के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि ऋतिक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार सवार आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने कुछ ही दूरी पर छोड़ी गई कार बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, यह कार एक वर्कशॉप में मरम्मत के लिए आई थी। पुलिस ने वर्कशॉप मालिक को हिरासत में लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। सीओ अंकित कंडारी ने बताया कि मौके से अहम सुराग मिले हैं, आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
2018 में चुने गए थे छात्रसंघ अध्यक्ष
जितेंद्र बिष्ट वर्ष 2018 में एबीवीपी से डीएवी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे। छात्र राजनीति से सक्रिय रहे बिष्ट बाद में भाजयुमो में महत्वपूर्ण पद पर पहुंचे और युवा राजनीति में लोकप्रिय चेहरा माने जाते थे।



