उफनती नदी में फंस गए थे विधायक, जवानों ने बचाया
बागेश्वर की कनलगढ़ घाटी में आपदा प्रभावित क्षेत्र के दौरे पर जा रहे थे विधायक

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। कनलगढ़ घाटी के आपदा प्रभावित पौंसरी गांव का दौरा करने जा रहे स्थानीय विधायक सुरेश गढ़िया उस समय मुश्किल में फंस गए, जब उन्हें एक उफनती बरसाती नदी पार करनी पड़ी। राहत और पुनर्वास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे विधायक को पार कराने के लिए पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों को पूरी ताकत लगानी पड़ी।
लोगों की सांसें तब अटक गईं, जब इस घटना के दौरान विधायक के साथ मौजूद उनका गनर नदी की तेज धारा में बहने लगा। गनीमत रही कि मौके पर तैनात एसडीआरएफ के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन समय पर सतर्कता दिखाने से सभी सुरक्षित रहे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे जवानों ने जोखिम उठाकर सभी को सुरक्षित निकाला।



