कार खाई में गिरने से शिखर फॉल घूमने गए युवक-युवती की मौत
थार खाई में गिरने से हुआ हादसा, तीन लोग घायल भी हुए

देहरादून। देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में कार खाई में गिरने से एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। इसके अलावा तीन लोग हादसे में घायल हो गए। हादसा राजपुर-झड़ीपानी मार्ग पर शिखर फॉल के नजदीक हुआ। जानकारी के अनुसार, एक थार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मर्चेंट नेवी में कार्यरत आयुष शर्मा (30 वर्ष) पुत्र दिनेश दत्त शर्मा निवासी तेग बहादुर रोड डालनवाला देहरादून और अवनी कुकरेती (29 वर्ष) पुत्री आशीष कुकरेती निवासी कौलागढ़ थाना कैंट देहरादून की मौत हो गई। अवनी मसूरी रोड पर कैफे का संचालन करती थीं।
घटना की जानकारी सोमवार तड़के करीब तीन बजे सिटी कंट्रोल रूम से पुलिस व एसडीआरएफ को मिली। सब इंस्पेक्टर लक्ष्मी रावत के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे में रोप व स्ट्रेचर की मदद से घायलों को बाहर निकाला। तीनों घायलों सागर नरूला (29 वर्ष) पुत्र गुलशन कुमार निवासी फतेह नगर दिल्ली, युवराज बिष्ट (33 वर्ष) पुत्र केओ बिष्ट निवासी कालिदास रोड देहरादून, ईशा (28 वर्ष) पुत्री राकेश चंद्र निवासी चंद्र सिंह गढ़वाली मार्ग धरमपुर देहरादून को अस्पताल भेजा गया। इसके बाद मृतकों के शव खाई से निकाले गए। पुलिस के अनुसार पांचों लोग शिखर फॉल घूमने आए थे और लौटते वक्त हादसा हो गया।



