‘ठीक से बोला तो जा नहीं रहा, गाना क्या गाओगे’, दलेर मेहंदी को उत्तराखंड के मंत्री ने फटकारा…देखें वीडियो
टिहरी जिले में धार्मिक आयोजन में पहुंचे थे मशहूर गायक

देहरादून, 20 अक्टूबर 2026 : टिहरी जिले क कुंजापुरी मेले में गायक दलेर मेहंदी के कार्यक्रम के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब भाजपा के मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके ठीक से बोल नहीं पाने पर नाराजगी जताई। मंत्री ने मंच से ही गायक को धार्मिक आयोजन की गरिमा और मर्यादा का ध्यान रखने की नसीहत दी।
देखें वीडियो
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए पैसे खर्च किए गए हैं, ताकि लोग मनोरंजन कर सकें, लेकिन इस तरह दर्शकों को निराश करना उचित नहीं है। ना गा रहे हैं, अच्छी बात नहीं है। आपसे बोला तक नहीं जा रहा है, गाना क्या गाएंगे। आपको इस मंच का सम्मान करना चाहिए था। इतना पैसा देकर आपको बुलाया गया, ताकि हमारे लोग मनोरंजन कर सकें, लेकिन आप तो उन्हें बेवकूफ बना रहे हैं।
इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में मंत्री गायक को फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान दलेर मेहंदी की प्रतिक्रिया और उनके बोलने के तरीके को लेकर भी सोशल मीडिया पर टिप्पणियां की गईं। कुछ लोगों ने धार्मिक आयोजन की मर्यादा बनाए रखने के लिए मंत्री के हस्तक्षेप का समर्थन किया।
कुंजापुरी मेला धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में आयोजन के दौरान धार्मिक गरिमा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मर्यादा बनाए रखने का विषय एक बार फिर चर्चा में आ गया है।



