खेत में घास काट रहा था किसान, हाथी ने सिर पर पैर रखकर कुचल डाला
A farmer was cutting grass in the field when an elephant crushed him by stepping on his head.

खेत में घास काट रहा था किसान, हाथी ने सिर पर पैर रखकर कुचल डाला
गुरुवार शाम की है यह घटना, लोगों के शोर मचाने पर भागा जंगल की ओर, किसान की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग कार्यालय पर की नारेबाजी, हाईवे जाम करने का किया प्रयास, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की उठाई मांग
देहरादून, 08 अक्टूबर 2026: हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के सजनपुर गांव में खेत में घास काट रहे किसान को हाथी ने कुचलकर मार डाला। हाईवे से इस घटना को देख रहे लोगों के शोर मचाने पर हाथी जंगल की ओर भागा। किसान की मौत की सूचना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। साथ ही हाईवे को जाम करने का प्रयास भी किया।
जानकारी के अनुसार सजनपुर निवासी 52 वर्षीय सतपाल गुरुवार शाम बाहर पीली स्थित कुंडीकोटेश्वर मंदिर के सामने खेत में घास काट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए हाथी ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी बेहद आक्रामक था और उसने सतपाल को कई बार जमीन पर पटकने का प्रयास किया और फिर उनके सिर पर पैर रख दिया। हाईवे से इस घटना को देख रहे लोगों ने शोर मचाया तो हाथी जंगल की ओर भाग गया। गंभीर रूप से घायल सतपाल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीण वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय श्यामपुर पहुंचे, लेकिन वहां ताला लटका मिला। यह देख ग्रामीणों ने वन विभाग के विरुद्ध नारेबाजी शुरू कर दी और हाईवे जाम करने का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया और सड़क से हटाया। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले एक किसान के खेत में हाथी की मौत के मामले
में वन विभाग ने संबंधित किसान को जेल भेज दिया था। अब किसान की हाथी के हमले में मौत के बावजूद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में घूम रहे आक्रामक हाथी से निजात दिलाने की मांग की।
ग्रामीणों के साथ राहगीरों के लिए भी खतरा बना बिगड़ैल हाथी



