
लद्दाख में पोलोनोंगका मासिफ की तीन चोटियों का सफल आरोहण, एक ही दिन में मिली यह सफलता
उत्तरकाशी की ट्रेकिंग एंड माउंटेनियरिंग एजेंसी हाइक टू हेवन व वायु सेना की 10 सदस्यीय टीम ने लहराया तिरंगा, चार सितंबर को शुरू हुआ था अभियान, 10
सितंबर को शुरू किया गया मुख्य शिखर आरोहण अभियान
देहरादून, 15 सितंबर 2026 : पर्वतारोहण के लिए प्रसिद्ध उत्तरकाशी की ट्रेकिंग एंड माउंटेनियरिंग एजेंसी हाइक टू हेवन ने एक ही दिन में लद्दाख स्थित पोलोनोंगका मासिफ की तीनों चोटियों पर सफल आराेहण किया है। हाइक टू हेवन ने वायु सेना की लेह स्थित 10 सदस्यीय टीम के साथ 11 सितंबर लद्दाख के 6,401 मीटर ऊंचे पोलोनोंगका मासिफ की तीनों चोटियों पर तिरंगा लहराया। यह अभियान सबसे बड़ी उपलब्धि है।
अभियान चार सितंबर को शुरू हुआ था, जबकि मुख्य शिखर आरोहण अभियान 10 सितंबर को शुरू किया गया। अत्यधिक ऊंचाई, कठिन पर्वतीय भू-भाग, चुनौती पूर्ण मौसम व सीमित समय के बीच पर्वतारोहियों ने साहस एवं दृढ़ इच्छाशक्ति से 11 सितंबर को तीन चोटियों पर विजय प्राप्त की। चोटी फतह करने वाली टीम के हिमांशु सिहाग ने बताया कि एयरफोर्स के इस पर्वतारोहण दल का पंजीकरण उत्तरकाशी में है। 10 सदस्यीय दल का एक ही दिन में 6,400 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित तीन चोटियों को फतह करना सामान्य उपलब्धि नहीं है। इसके लिए बेहतर पर्वतीय अनुकूलन, तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती और पूरे अभियान दल के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि हाइक टू हेवन व वायु सेना की टीम ने इन सभी चुनौतियों को पार कर यह उपलब्धि हासिल की है। अभियान दल में मोनिका, सुमित मिंलद जोशी, जुबिक्षा ठाकुर, किरपाल सिंह सलारिया, अनिल व आदर्श के अलावा गणेश सिंह पोखरिया व सतपाल शामिल थे।



