
दून पुस्तकालय ने आयोजित की पहाड़ में पलायन व उद्यमिता पर युवाओं के साथ संवाद कार्यशाला
यदि पहाड़ के युवाओं को स्थानीय संसाधनों, आधुनिक तकनीक और बाजार से जोड़ दिया जाए तो रोजगार के लिए होने वाले पलायन की दिशा को काफी हद तक बदला जा सकता है। पहाड़ में उपलब्ध जमीन, जल, जंगल, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और स्थानीय ज्ञान को आधुनिक तकनीक तथा बाजार से जोड़कर रोजगार के अनेक अवसर पैदा किए जा सकते हैं
देहरादून, 25 अगस्त 2026: पहाड़ के गांवों से युवाओं का पलायन आज एक गंभीर चुनौती है, लेकिन पहाड़ की तस्वीर केवल पलायन और बेरोजगारी की नहीं है। अनेक युवा ऐसे भी हैं, जो नई सोच, तकनीक और उद्यमिता के सहारे अपने गांवों में लौटकर न केवल स्वयं के लिए रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं, बल्कि दूसरे लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। यदि पहाड़ के युवाओं को स्थानीय संसाधनों, आधुनिक तकनीक और बाजार से जोड़ दिया जाए तो रोजगार के लिए होने वाले पलायन की दिशा को काफी हद तक बदला जा सकता है।

यह बात वरिष्ठ सामाजिक चिंतक एवं लेखक विजेंद्र रावत ने सोमवार को दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र में युवा पाठकों के साथ आयोजित ‘युवा संवाद कार्यशाला : पहाड़ होगा, आने वाला कल’ में कही। दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र की ओर से आयोजित इस सार्थक संवाद का विषय ‘पर्वतीय कृषि, बागवानी, पर्यटन और पर्यावरण के क्षेत्र में सम्भावित उद्यमिता के अवसर’ था। कार्यशाला में युवाओं के साथ सीधे संवाद करते हुए रावत ने कहा कि रोजगार का अर्थ केवल सरकारी नौकरी प्राप्त करना नहीं है। पहाड़ में उपलब्ध जमीन, जल, जंगल, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और स्थानीय ज्ञान को आधुनिक तकनीक तथा बाजार से जोड़कर रोजगार के अनेक अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

लेखक रावत ने कहा कि आज भले ही पहाड़ के अनेक गाँव पलायन की गिरफ्त में हैं और रोजगार एवं बेहतर अवसरों की तलाश में युवा शहरों की ओर जा रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर कुछ युवा नई उम्मीदों और नए विचारों के साथ अपने गाँवों की ओर लौट भी रहे हैं। वे ईमानदारी, मेहनत और तकनीक के सहारे अपने लिए रोजगार खड़ा कर रहे हैं। साथ ही गाँव के अन्य लोगों के लिए भी आजीविका के अवसर पैदा कर रहे हैं। यही प्रयास इस विश्वास को मजबूत करता है कि ‘आने वाला कल पहाड़ का हो सकता है।’
रावत ने उदाहरण देकर युवाओं से कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में काम करने और अलग-अलग क्षेत्रों का अनुभव प्राप्त करने के बाद अनेक लोग पहाड़ की ओर लौटकर स्वरोजगार और उद्यमिता के नए रास्ते तलाश रहे हैं। ऐसे लोगों के अनुभव युवाओं के लिए प्रेरणा के साथ-साथ व्यावहारिक मार्गदर्शन भी हैं। उन्होंने चकराता के विक्रम पंवार जैसे युवाओं का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह युवा बाहर रोजगार के अवसर मिलने के बावजूद अपने गाँव में लौटकर पर्यटन, खानपान और अन्य व्यवसायों के माध्यम से अपने लिए तथा दूसरे लोगों के लिए रोजगार पैदा कर सकते हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि पहाड़ में कृषि और बागवानी को केवल परंपरागत खेती के रूप में देखने के बजाय इसे बाजार आधारित उद्यम के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। फल-सब्जी उत्पादन, जैविक खेती, प्रसंस्करण, डेयरी, पशुपालन, स्थानीय खाद्य उत्पाद, कुटीर एवं लघु उद्योग, होम-स्टे, ग्रामीण पर्यटन और प्रकृति आधारित पर्यटन में व्यापक संभावनाएँ हैं। पर्यावरण संरक्षण को भी रोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जा सकता है। युवाओं को अपने स्थानीय संसाधनों की पहचान कर उन्हें मूल्यवर्धित उत्पाद और सेवाओं में बदलने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
अहमदाबाद भारतीय प्रबन्ध संस्थान से प्रबंधन की उच्च शिक्षा प्राप्त कर चुके कनासर के सेब की बागवानी को सफलता के शिखर पर ले जाने वाले युवा उद्यमी विक्रम पंवार ने युवाओं से कहा कि छोटे स्तर से शुरू किया गया कोई भी काम यदि सही योजना, मेहनत, तकनीक और बाजार की समझ के साथ किया जाए तो वह आगे चलकर अच्छी आय का माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि कई स्वरोजगार ऐसे हैं जिन्हें सीमित पूँजी से शुरू किया जा सकता है और धीरे-धीरे उनका विस्तार किया जा सकता है। इसलिए सरकारी नौकरी न मिलने को जीवन की असफलता मानकर निराश होने के बजाय युवाओं को उपलब्ध विकल्पों पर विचार करना चाहिए।
बागवानी के सफल उद्यमी लांघा रोड के इन्द्रसिंह नेगी ने कहा कि पहाड़ के गाँवों को केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि रोजगार, उद्यम और संभावनाओं के केन्द्र के रूप में विकसित करने की जरूरत है। इसके लिए युवाओं को स्थानीय संसाधनों, आधुनिक तकनीक, डिजिटल माध्यमों और बाजार की नई आवश्यकताओं के साथ जोड़ना होगा। उन्होंने युवाओं से अपने गाँवों में उपलब्ध अवसरों को पहचानने, नए प्रयोग करने और सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम पंचोली ने किया। युवा प्रतिनिधियों राधा पुण्डीर और राघव उनियाल ने भी संवाद में भाग लेते हुए युवाओं की आकांक्षाओं, रोजगार की चुनौतियों व पहाड़ में उपलब्ध अवसरों से जुड़े सवाल एवं विचार सामने रखे। संवाद के दौरान युवाओं ने कृषि, पर्यटन, स्वरोजगार, स्थानीय उत्पादों के विपणन तथा पहाड़ में रहकर आजीविका के अवसर विकसित करने से जुड़े विषयों पर अपनी बात भी रखी।





