Blogकुंभ मेला तैयारियां
अगले साल 31 अक्टूबर से होगा नासिक का सिंहस्थ कुंभ
Simhastha Kumbh of Nashik will be held from 31 October next year

अगले साल 31 अक्टूबर से होगा नासिक का सिंहस्थ कुंभ
-
सिंहस्थ कुंभ की तिथियां हुईं घोषित, इस कुंभ में होंगे कुल तीन अमृत स्नान
-
वर्ष 2027 में दो अगस्त को होगा पहला अमृत स्नान, दूसरा स्नान 31 अगस्त को
-
11 व 12 सितंबर को नासिक व त्र्यंबकेश्वर में होगा तीसरा एवं अंतिम अमृत स्नान
रजनी चंदर, देहरादून, 14 सितंबर 2025
नासिक में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले सनातनी परंपरा सबसे बड़े उत्सव सिंहस्थ कुंभ की महत्वपूर्ण तिथियां घोषित कर दी गई हैं। सभी 13 अखाड़ों के संतों और पुरोहित संघ व विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों की बैठक में यह घोषणा की गई। महाराष्ट्र के नासिक शहर में त्र्यंबकेश्वर ज्योर्तिलिंग मंदिर के पास गोदावरी नदी के तट पर 12 साल के अंतराल में आयोजित होने वाला सिंहस्थ कुंभ 31 अक्टूबर 2026 को त्र्यंबकेश्वर, रामकुंड और पंचवटी में ध्वजारोहण के साथ शुरू होगा। इससे पहले वर्ष 2024 में प्रयागराज में पूर्णकुम्भ आयोजित हो चुका है।
ज्योतिष परंपरा में कुंभ पर्व को कुंभ राशि एवं कुंभ योग से जोड़ा गया है। विष्णु पुराण के अनुसार कुंभ योग चार तरह के हैं। जब गुरु कुंभ राशि में होता है और सूर्य मेष राशि में प्रवेश करता है, तब हरिद्वार में कुंभ का आयोजन होता है। जब गुरु मेष राशि चक्र में प्रवेश करता है और सूर्य व चन्द्रमा मकर राशि में माघ अमावास्या के दिन होते हैं, तब प्रयाग में कुंभ का योग बनता है। सूर्य व गुरु के सिंह राशि में प्रकट होने पर कुंभ का आयोजन नासिक (महाराष्ट्र) में गोदावरी नदी के मूल तट पर होता है। इसी तरह उज्जैन में सूर्य और गुरु के सिंह राशि में आने पर कुंभ आयोजित होता है।
नारद पुराण के अनुसार जब गुरु और सूर्य सिंह राशि में होते हैं तब कुंभ मेला नासिक के त्र्यंबकेश्वर ज्योर्तिलिंग मंदिर के पास गोदावरी नदी के तट पर लगता है। कुंभ मेले का मुख्य आकर्षण शाही (अमृत) स्नान होता है, जिसमें सभी संन्यासी, बैरागी व उदासीन अखाड़ों के प्रतिनिधि स्नान करते हैं। इस बार नासिक में 15 से 20 करोड़ श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान लगाया जा रहा है। यह कुंभ नासिक और त्र्यंबकेश्वर, दोनों जगह होता है, लेकिन नासिक की विशेष प्रभुत्ता है। यहां के तीन प्रमुख अखाड़े संख्या में अन्य 10 अखाड़ों के बराबर हैं।





