
गंगोत्री-केदारताल ट्रेक पर लापता आठ में से दो और ट्रेकर के शव मिले, चार अब भी लापता
दो ट्रेकर के शव मंगलवार को हो चुके हैं बरामद, मृतक ट्रेकरों में लखनऊ की दो सगी बहनें भी शामिल, मौसम का मिजाज बदलने के कारण फिर रोका गया सर्च अभियान, गुरुवार को फिर चलेगा
देहरादून, 04 नवंबर 2026: उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन के बाद सात दिन से लापता दो और ट्रेकर के शव बुधवार को बरामद कर लिए गए। इसके साथ
ही मृतकों की संख्या चार हो गई है। इनमें लखनऊ की दो सगी बहनें भी शामिल हैं। दो की अब तक पहचान नहीं हो पाई है, जबकि चार ट्रेकर अब भी लापता हैं। एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की 10 सदस्यीय संयुक्त टीम ने उनकी खोजबीन की, लेकिन दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदलने के कारण सर्च अभियान रोकना पड़ा।
ट्रेक पर बरामद चार शवों में से दो की पहचान गायत्रीपुरम, लखनऊ निवासी वर्तिका वर्मा (28 वर्ष) और दीपिका वर्मा (29 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सगी बहनें थीं। अन्य दो शवों की पहचान के लिए परिजनों के उत्तरकाशी पहुंचने का इंतजार है। चारों शव हेलीकाप्टर से मातली हेलीपैड लाए गए। बता दें कि 27 अक्टूबर को 12 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। इसमें एक स्थानीय गाइड, उत्तर प्रदेश के दो व बंगाल के पांच ट्रेकर, एक कुक और तीन पोर्टर शामिल थे। दल की वापसी 29 अक्टूबर को तय थी, लेकिन मौसम बिगड़ने और भारी बर्फबारी से सदस्य रास्ते में फंस गए। 31 अक्टूबर को बचाव दल ने एक कुक और तीन पोर्टर को सुरक्षित निकाला। स्थानीय गाइड और सात ट्रेकर समेत आठ सदस्य लापता थे।
हेलीकाप्टर से दो बार रेकी के बाद भी लापता दल का पता नहीं चला। सोमवार को एसडीआरएफ और निम की दस सदस्यीय टीम को घटनास्थल पर उतारा गया। वहीं, पैदल गई ट्रेकिंग एसोसिएशन की टीम को बर्फ में दबा टेंट मिला, जिसमें राशन, कपड़े, बैग और चप्पलें थीं, लेकिन लोग नहीं मिले। मंगलवार को एक पुरुष और एक महिला ट्रेकर का शव मिला था।




