जापान और जर्मनी में नौकरी का मौका…इन पदों पर हो रही भर्ती
देहरादून, 13 सितंबर 2026 : उत्तराखंड के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार का अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जापान में केयरगिवर और जर्मनी में असिस्टेंट नर्स के पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय चंपावत की ओर से इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
जापान में केयरगिवर के लिए 18 से 27 वर्ष आयु की 12वीं, जीडीए या एएनएम उत्तीर्ण महिला अभ्यर्थी पात्र होंगी। वहीं, जर्मनी में असिस्टेंट नर्स के लिए 21 से 35 वर्ष आयु के बीएससी नर्सिंग या जीएनएम धारक महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
जापान में केयरगिवर के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को करीब एक लाख रुपये प्रतिमाह वेतन मिलने की जानकारी दी गई है। इसके लिए छह से आठ माह का जापानी भाषा एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण शुल्क 64 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
जर्मनी में असिस्टेंट नर्स के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को करीब 2.5 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन मिलने की जानकारी दी गई है। इस पद के लिए जर्मन भाषा एवं व्यावसायिक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, हालांकि अभ्यर्थी को 30 हजार रुपये की जमानत राशि जमा करनी होगी।
प्रशिक्षण अवधि में अभ्यर्थियों को निशुल्क भोजन और आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण शुल्क में 20 प्रतिशत अनुदान और प्रशिक्षण ऋण के ब्याज में 75 प्रतिशत अनुदान दिए जाने का प्रावधान बताया गया है। अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।



