उत्तराखंडऑफबीटजागरूकतायूथराष्ट्रीयशिक्षा

‘ग्राउंड रियलिटीज’ पर हुआ दून पुस्तकालय में सार्थक संवाद

Meaningful dialogue on 'ground realities' held at Doon Library

खबर को सुनें


‘ग्राउंड रियलिटीज’ पर हुआ दून पुस्तकालय में सार्थक संवाद

हाशिये पर खड़े समुदायों की आवाज़ से विकास की नीतियों को समझने की पहल, कृषि, पलायन, श्रम, दिव्यांगता और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर हुए सवाल-जवाब

देहरादून, 10 सितंबर 2026: दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र और साहस फाउंडेशन  की ओर से ‘ग्राउंड रियलिटीज : पॉलिसी, नीड, रिसोर्सेज, चैलेंजेज एंड सॉल्यूशंस थ्रू द लेंस ऑफ द मार्जिनलाइज्ड’ विषय पर आयोजित संवाद में उत्तर भारत और विशेष रूप से गढ़वाल हिमालय में ग्रामीण समुदाय, लघु एवं सीमांत किसान, कारीगर व दिव्यांगजनों के सामने उपस्थित चुनौतियों को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विकास की नीतियों और समाज के हाशिये पर रह रहे समुदायों की वास्तविक जरूरतों के बीच दिखाई देने वाली दूरी पर संवाद स्थापित करना था।

मुख्य वक्ता सामाजिक उद्यमी एवं विकास क्षेत्र के कार्यकर्ता शहाब नक़वी ने कहा कि विकास योजनाएं जब स्थानीय परिस्थितियों और समुदायों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझे बिना ऊपर से नीचे की ओर लागू की जाती हैं तो उनके अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आ पाते। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदायों के पास अपने परिवेश को समझने का पारंपरिक ज्ञान, परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता और संसाधनों के उपयोग की व्यावहारिक समझ होती है। इसलिए विकास की प्रक्रिया में केंद्रीकृत एवं एकरूप मॉडल के बजाय विकेन्द्रीकृत, समुदाय-आधारित और स्थानीय ज्ञान को महत्व देने वाले मॉडल को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। संवाद में यह निष्कर्ष उभरकर आया कि विकास केवल आंकड़ों, योजनाओं और नीतिगत दस्तावेजों का विषय नहीं, बल्कि आमजन के जीवन में होने वाले वास्तविक परिवर्तन का प्रश्न है। स्थानीय ज्ञान, समुदाय की भागीदारी, संसाधनों की उपलब्धता और जमीनी अनुभवों को केंद्र में रखकर ही अधिक समावेशी और टिकाऊ विकास की दिशा तैयार की जा सकती है।

पारंपरिक कृषि व्यवस्था में बदलाव पर चिंता

संवाद में कृषि के बदलते स्वरूप पर विशेष चर्चा हुई। पारंपरिक बहुफसली कृषि से रासायनिक आधारित एकल फसल व्यवस्था की ओर बढ़ने, देशज बीजों की स्वायत्तता कम होने तथा पारंपरिक कृषि पद्धतियों के कमजोर पड़ने के परिणामों पर विचार किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इससे छोटे और सीमांत किसान आर्थिक दबाव में आते हैं और ग्रामीण पारिस्थितिकी और जैव-विविधता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पर्वतीय समाज में पारंपरिक अनाजों, स्थानीय बीजों और सामुदायिक कृषि प्रणालियों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा गया कि ये केवल कृषि की पुरानी पद्धतियां नहीं हैं, बल्कि स्थानीय खाद्य-सुरक्षा, पर्यावरणीय संतुलन और ग्रामीण संस्कृति का महत्वपूर्ण आधार हैं।

पलायन और ग्रामीण श्रम भी चर्चा के केंद्र में

कार्यक्रम में पलायन, ग्रामीण रोजगार, श्रम और महिलाओं के बढ़ते कार्यभार पर भी गंभीर चर्चा हुई। Periodic Labour Force Survey और NITI Aayog के
Multidimensional Poverty Index जैसे आंकड़ों का संदर्भ देते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश के बड़े कार्यबल के बावजूद श्रम के आर्थिक प्रतिफल और सामाजिक सुरक्षा में असमानताएं बनी हुई हैं। उत्तराखण्ड के पर्वतीय गांवों में रोजगार के सीमित अवसरों के कारण युवाओं के बाहर जाने और उससे गांवों की सामाजिक एवं आर्थिक संरचना में आ रहे बदलावों पर भी विचार हुआ। वक्ताओं ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के लिए ऐसी नीतियों की आवश्यकता है, जो स्थानीय भूगोल, कृषि, परंपरागत हुनर और उपलब्ध संसाधनों को आजीविका के नए अवसरों से जोड़ सकें।

दिव्यांगजनों के लिए दान नहीं, अवसर और साधन जरूरी

दिव्यांगजनों से जुड़े विषय पर चर्चा करते हुए सामाजिक उद्यमी शहाब नक़वी ने कहा कि दिव्यांगता को केवल सहायता अथवा दान के दृष्टिकोण से देखने के बजाय सुलभ वातावरण, उपयोगी उपकरण, तकनीकी प्रशिक्षण और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य होना चाहिए। स्थानीय सूक्ष्म उद्यमों के साथ दिव्यांगजनों के कौशल को जोड़ने के उदाहरण भी साझा किए गए।

सवाल-जवाब में उठे अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पक्ष खुला सवाल-जवाब सत्र रहा। प्रतिभागियों ने कृषि, स्थानीय बीजों, ग्रामीण रोजगार, पलायन, पारंपरिक ज्ञान, कारीगरों की स्थिति, दिव्यांगजनों के लिए रोजगार एवं कौशल विकास तथा सरकारी और गैर-सरकारी विकास योजनाओं की जमीनी उपयोगिता से जुड़े प्रश्न पूछे। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी विकास नीति की सफलता का वास्तविक आकलन उसके दस्तावेजों में नहीं, बल्कि समुदाय के जीवन में दिखाई देने वाले बदलावों से किया जाना चाहिए। उन्होंने सक्रिय संवाद और स्थानीय लोगों की भागीदारी को विकास प्रक्रिया की अनिवार्य शर्त बताया।

दून पुस्तकालय में ऐसे संवादों को आगे बढ़ाने पर जोर

कार्यक्रम के दौरान इस बात को विशेष रूप से रेखांकित किया गया कि दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र केवल पुस्तकों और पठन-पाठन तक सीमित संस्था नहीं है, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक, अकादमिक और समकालीन विषयों पर स्वतंत्र एवं सार्थक संवाद का सार्वजनिक मंच भी है। पुस्तकालय द्वारा विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर व्याख्यान, परिचर्चा, संवाद और विमर्श आयोजित किए जाते रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि समाज के ज्वलंत प्रश्नों पर विभिन्न विचारों को एक ही मंच पर लाकर खुला सवाल-जवाब और स्वस्थ बहस का वातावरण तैयार करना आज के समय में अत्यंत आवश्यक है। दून पुस्तकालय द्वारा इस प्रकार के जनोन्मुख और विचारोत्तेजक कार्यक्रमों को आगे भी बढ़ावा दिए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि अकादमिक शोध, नीति-निर्माण और जमीनी अनुभवों के बीच संवाद और अधिक मजबूत हो सके।

कार्यक्रम में दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रशेखर तिवारी, पुस्तकालयाध्यक्ष डीके पांडेय, सुंदर सिंह बिष्ट सहित पुस्तकालय के अधिकारी-कर्मचारी, शोधार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, युवा और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नागरिक उपस्थित रहे।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button