
देहरादून, 25 अक्टूबर 2025: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से अजब-गजब मामला सामने आया है। यहां बिल्लियों को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस तक पहुंच गया। धर्मपुर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने अपने चाचा-चाची और तीन भाइयों पर बिल्ली के बच्चे चुराने और धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता रश्मि धीमान का कहना है कि वह एक बिल्ली और उसके दो बच्चों की देखभाल कर रही थी, लेकिन चाचा उमेश धीमान, चाची सुमन धीमान और उनके तीन बेटों को यह बात रास नहीं आई। आरोप है कि उन्होंने बिल्ली के बच्चों को स्कूटी की डिग्गी में बंद कर कहीं छोड़ दिया। रश्मि का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो चाची और तीनों बेटों ने उन्हें घर में घुसकर धमकाया व जान से मारने की धमकी दी।
नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने युवती की तहरीर पर उमेश धीमान, सुमन धीमान और उनके बेटों शुभम, विशाल और सश्रम धीमान के खिलाफ धमकी देने और पशु क्रूरता का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। सभी पक्षों से पूछताछ के बाद सच्चाई के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



