
चमोली: थराली में आई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा पीड़ितों के साथ है और उनके उपचार एवं राहत कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा और चमोली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता से आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तेजी से घटनास्थल पर पहुंचकर न केवल घायलों का उपचार किया, बल्कि मानसिक रूप से आहत पीड़ितों की काउंसिलिंग भी की। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सक व संसाधन तुरंत भेजे जाएंगे। साथ ही, सीएमओ चमोली को निर्देश दिए गए हैं कि स्थिति सामान्य होने तक ग्राउंड जीरो पर रहकर राहत कार्यों की निगरानी करें।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि थराली सीएचसी में चार चिकित्सा अधिकारी, छह स्टाफ नर्स, एक फार्मासिस्ट, एक ड्राइवर, एंबुलेंस व जीवनरक्षक दवाओं के साथ टीम तैनात है। हेलीकाप्टर की मदद से गंभीर रूप से छह घायलों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि अन्य दो दर्जन से अधिक घायलों का मौके पर उपचार किया गया।



