फुटबॉल मैच के बाद स्कूल में गोलीबारी, चार मरे

मिसिसिपी, 12 अक्टूबर, 2025: फुटबॉल मैच के बाद हुए जश्न के बीच गोलियां चल गईं। इस गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। मिसिसिपी के लेलैंड शहर में शुक्रवार देर रात हाई स्कूल में यह वारदात तब हुई जब लोग मैच खत्म होने के बाद स्कूल परिसर में होमकमिंग वीकेंड का उत्सव मना रहे थे।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। शहर के मेयर जान ली ने बताया कि प्रशासन घटना की जांच में जुटा है और घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मिसिसिपी जांच ब्यूरो भी जांच में स्थानीय पुलिस की मदद कर रहा है।
होमकमिंग वीकेंड एक वार्षिक आयोजन होता है, जिसमें पूर्व छात्र अपने स्कूल लौटकर पुराने साथियों से मिलते हैं। शुक्रवार की रात मैच के बाद जब लोग मेन स्ट्रीट के पास जमा हुए, तभी अचानक गोलियां चलने लगीं, जिससे अफरातफरी मच गई।
उधर, मिसिसिपी के हाइडेलबर्ग क्षेत्र में भी शुक्रवार रात एक अन्य स्कूल परिसर में गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। हाइडेलबर्ग पुलिस प्रमुख कार्नेल व्हाइट ने बताया कि यह गोलीबारी उस स्कूल में हुई, जहां कुछ घंटे पहले ही “हाइडेलबर्ग आइलर्स” टीम ने अपना घरेलू फुटबॉल मैच खेला था। उन्होंने यह बताने से इन्कार किया कि पीड़ित छात्र थे या नहीं। इस घटना के संबंध में 18 वर्षीय युवक की तलाश की जा रही है।



