
नौ माह से बंद पड़ी है पिंडर नदी पर लगी हाइड्रोलिक ट्राली, लोग लकड़ी के कच्चे पुल से पर कर रहे उफनती नदी
नदी का जलस्तर चढ़ने से बढ़ी ओडर के ग्रामीणों की मुश्किलें, लकड़ी का अस्थायी पुल डूबने के कगार पर, वर्ष 2013 की आपदा में बह गया था पिंडर पर बना झूलापुल, तब से ट्राली ही है ग्रामीणों का सहारा
देहरादून, 16 जून 2026: चमोली जनपद के देवाल ब्लाक में ओडरधार से ओडर गांव के बीच पिंडर नदी पर लगी हाइड्रोलिक ट्राली पिछले नौ माह से बंद है। ऐसे में नदी के आर-पार जाने के लिए ग्रामीण लकड़ी के अस्थायी कच्चे पुल पर निर्भर हैं। हालिया वर्षा के चलते नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है और अब मानसून सिर पर होने के कारण यह पुल कभी भी नदी के उफान की भेंट चढ़ सकता है। अगर ट्राली को जल्द सुचारु नहीं किया गया तो बरसात में ओडर के 50 परिवार गांव में ही कैद होकर रह जाएंगे। ज्ञात रहे कि 2013 की आपदा में पिंडर नदी पर बना झूलापुल बह गया था, तब से यह ट्राली ही ग्रामीणों का एकमात्र सहारा है।


