
ऋषिकेश, 3 अक्टूबर 2025: कैलिफोर्निया स्थित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की ओर से जारी विश्व के श्रेष्ठतम दो प्रतिशत विज्ञानियों की सूची में एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने एक बार फिर जगह बनाई है। लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित सूची में स्थान पाकर उन्होंने न केवल संस्थान बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश का गौरव बढ़ाया है।
इस सूची में विश्वभर के 66 हजार से अधिक शीर्ष वैज्ञानिक और शोधार्थी शामिल किए गए हैं। इनमें से लगभग तीन हजार वैज्ञानिक भारत से चयनित हुए हैं। यह सूची उन शोधकर्ताओं को सम्मानित करती है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के जरिये उल्लेखनीय योगदान दिया है। प्रो. मीनू सिंह का चयन बच्चों के श्वास रोगों के प्रभावी उपचार, अनुसंधान और नवाचार में उनके विशेष कार्य के लिए किया गया है। उन्होंने एम्स ऋषिकेश में बाल चिकित्सा विभाग के तहत कई महत्वपूर्ण शोध कार्य किए हैं, जिनसे न केवल बच्चों के इलाज की नई राहें खुली हैं, बल्कि चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में भी नए आयाम जुड़े हैं।
एम्स ऋषिकेश के वरिष्ठ अधिकारियों और संकाय सदस्यों ने इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई दी है और उम्मीद जताई कि उनका यह योगदान आने वाले समय में भी स्वास्थ्य क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।



