अध्यात्मउत्तराखंडऑफबीटतीर्थाटनधर्म-परम्पराएंराष्ट्रीयसंस्कृति

हरिद्वार से पवित्र छड़ी यात्रा का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

Chief Minister inaugurated the holy Chhadi Yatra from Haridwar

खबर को सुनें


हरिद्वार से पवित्र छड़ी यात्रा का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

  • आठवीं शताब्दी में आदि शंकराचार्य द्वारा शुरू की गई थी यात्रा

  • लगभग 70 वर्ष तक बंद रहने के बाद वर्ष 2019 में दोबारा हुई शुरू

  • अब सामाजिक व सांस्कृतिक चेतना का माध्यम बन चुकी है यात्रा

हरिद्वार, 28 सितंबर 2025. : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को तीर्थनगरी हरिद्वार स्थित अधिष्ठात्री माया देवी मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार और विधिविधान के बीच पवित्र छड़ी यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देवी की पूजा-अर्चना कर छड़ी का अभिषेक किया और संतों का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की व्यापकता और अद्वैत वेदांत की धारा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने इसे उत्तराखंड की विविधता और एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह यात्रा कुमाऊं से गढ़वाल, हिमालय की ऊंचाइयों से लेकर गंगा-यमुना की तराई तक सभी को जोड़ती है।
उन्होंने आठवीं शताब्दी में आदि गुरु शंकराचार्य द्वारा शुरू की गई इस परंपरा का स्मरण करते हुए कहा कि लगभग 70 वर्ष तक बंद रहने के बाद महंत हरिगिरि महाराज के प्रयासों से वर्ष 2019 में पुनः प्रारंभ हुई छड़ी यात्रा अब सामाजिक व सांस्कृतिक चेतना का माध्यम बन चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के साथ-साथ सनातन संस्कृति के संरक्षण और पुनर्निर्माण की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। काशी विश्वनाथ, महाकाल लोक, बद्रीनाथ, केदारनाथ और अयोध्या में राम मंदिर जैसी परियोजनाएं इसका प्रमाण हैं। साथ ही उन्होंने 2027 में हरिद्वार कुंभ मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप देने का आश्वासन दिया।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री महंत हरिगिरि ने बताया कि जूना अखाड़े से निकली यह छड़ी यात्रा यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ और कुमाऊं मंडल के विभिन्न तीर्थ स्थलों से होकर पुनः हरिद्वार लौटेगी।
इस अवसर पर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज, निरंजनी अखाड़े के पीठाधीश्वर कैलाशानंद गिरी, संत-महात्मा, विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, आदेश चौहान, मेयर किरण जैसल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button