अंतरराष्ट्रीयअध्यात्मउत्तराखंडजागरूकताप्रेरणाशारदीय नवरात्रशिक्षाशोधसंस्कृतिस्वास्थ्य

यहां तो मुखौटों के पीछे छिपे हुए हैं असंख्‍य रावण

Here, countless Ravanas are hiding behind masks.

खबर को सुनें


यहां तो मुखौटों के पीछे छिपे हुए हैं असंख्‍य रावण

दशहरा के बहाने दशानन पर विशेष

रजनी चंदर, 30 सितंबर 2025

देवाधिदेव भगवान शिव के पुरोहित पद पर प्रतिष्ठित, सप्तऋषियों में से एक पुलस्त्य का पौत्र, महापंडित विश्रवा का पुत्र रावण ऋषिकुल में जन्म लेने के बाद भी राक्षस के रूप में ही याद किया जाता है। यह कर्मों की गति ही तो है। आज रावण संज्ञा नहीं, संज्ञेय है, परिभाष्य है। वह मात्र एक पात्र नहीं, चरित्र है। महज स्त्रीहर्ता नहीं, सुसंस्कार द्रोही है। घटना नहीं, परंपरा है और इसीलिए एकल नहीं, बहुल है, सर्वत्र है। घूसखोर, बेईमान, भ्रष्टाचारी, व्यभिचारी, दंभी, क्रोधी, स्वार्थी, संस्कारहीन, विवेक सुप्त आदि सभी रावण के ही तो प्रतिरूप हैं।

यदि तात्कालिक स्वार्थों में अंधे होकर हम इन रावणों को पहचान नहीं रहे या पहचानते हुए इस ओर आंखें मूंदे हुए हैं तो प्रकारांतर से यह एक और रावण के भ्रूण विकास की सूचना ही तो है। अगर आदमीयत, समाज एवं राष्ट्र की शुचिता की कोई अहमियत हमारे भीतर है तो इन बालिग-नाबालिग व गर्भस्थ रावणों को पहचानने के लिए अपनी क्षमता का विकास करना हमारा नैसर्गिक ही नहीं, नैतिक दायित्व भी है।

रावण नहीं सह सकता सत्य की जीत की उद्घोषणा

‘सत्यमेव जयते’ रावण को नहीं सुहाता। इसमें उसे अपनी मौत दिखती है। चिरस्थायी मौत। कुल का नाश। भविष्य में कोई नामलेवा व पानीदेवा भी न बचे, ऐसा अंत। तब कैसे सह सकता है रावण सत्य की ही जीत की उद्घोषणा। राजनीति रावणी माया जाल का सबसे सुदृढ़ पाया है। इसके बहुत सारे प्रतिरूप हैं। कुछ आधे-अधूरे तो कुछ एक-दूसरे के परिपूरक। विस्तार ही रावण का बीजमंत्र है। भौतिक विस्तार, मानसिक विस्तार। क्योंकि जिस दिन उसके इस स्वच्छंद विस्तार पर कोई अंकुश लगेगा, उसी दिन से उसकी माया छंटनी शुरू होगी, दिग्विजय का सपना टूटेगा। अटल सामाजिक मूल्य फिर स्थापित होना शुरू होंगे।

तीनों लोक में सत्ता हासिल करने का भ्रम पाले है रावण

रावण तो तीनों लोकों की सत्ता हासिल करने का भ्रम पाले बैठा है। अलग-अलग रूप और अपने-अपने दायरे में वह स्वयं को त्रिलोकपति समझने लगा है। इसलिए वह स्वयं को सामाजिक विधानों से ऊपर मानता है। रूढिय़ों को संस्कृति एवं संस्कारों का हिस्सा बताना रावणी कूटनीति का महत्वपूर्ण अंग है। जबकि संस्कृति एवं संस्कार वैमनस्य नहीं पनपाते। वह तो राष्ट्र के जीवन की जड़ें हैं। व्यक्ति पहले समाज और फिर राष्ट्र में बदलता ही संस्कृति एवं संस्कारों के सहारे है। अन्यथा आदिम युग से आज तक की विकास यात्रा कैसे संभव हो पाती। कैसे रावण पर राम की जीत की आशाएं जागतीं।

राम की पूजा, रावण का मोह

हम राम को तो पूजते हैं, लेकिन अंतर्मन में रावण का मोह नहीं टूटता। अपने भीतर पूरी ईमानदारी से झांककर देखें तो महसूस करेंगे कि हमारे दिमाग में यह जो कुछ घुसता-सा जा रहा है, वह हमारे अपने भीतर से उपजा हुआ नहीं है। हमें जो कुछ परोसा गया है और अभी भी परोसा जा रहा है, उसी की उपज है यह।

हमारे भी रावण की तरह के चेहरे

हम रावण की कथा पढ़ते हैं, लेकिन शायद हमें उसका अर्थ नहीं मालूम कि रावण दशानन है। उसके दस चेहरे हैं। राम प्रामाणिक हैं। उन्हें हम पहचान सकते हैं, क्योंकि वह कोई धोखा अथवा फरेब नहीं हैं। रावण को पहचानना मुश्किल है। उसके अनेक चेहरे हैं। दस का मतलब ही अनेक है, क्योंकि दस से बड़ी कोई संख्या नहीं। दस आखिरी संख्या है और इसके आगे हम मनचाही संख्या जोड़ सकते हैं। रावण असुर है और हमारे चित्त की दशा जब तक आसुरी रहती है, तब तक हमारे भी दशानन की तरह बहुत सारे चेहरे होते हैं। तब हम भूल जाते हैं कि हमारा स्वरूप क्या है।

इस स्थिति में अपने भीतर मौजूद दशानन को हम कैसे जलाएं। ऐसा तो रावण को नकारने पर ही संभव हो पाएगा। …और इसके लिए हमें रावण के अस्तित्व को नकारने का शुतुरमुर्गी तरीका अपनाने की जगह उसकी आंखों में आंखें डालकर उसे ही सच्चाई का दर्पण दिखाना होगा।

मनोरोग स्किजोफ्रेनिया से ग्रस्त है हर रावण

रावण का प्रतीक एक मनोवैज्ञानिक सत्य है। पश्चिम में मनोविज्ञान ने कई मनोरोगों की खोज की है, जिनमें एक है स्किजोफ्रेनिया यानी खंडित व्यक्तित्व। जब व्यक्तित्व अत्याधिक जटिल हो तो उसके दो नहीं, अनेक टुकड़े हो जाते हैं। हमारा सामाजिक जीवन एक दिखावा होता है। हम जैसे हैं, वैसे बाहर नहीं दिखा सकते, इसलिए हमें नकली चेहरे (मुखौटे) ओढऩे पड़ते हैं। जरूरत होने पर हम इन्हें बदल लेते हैं। धीरे-धीरे यह भी संभव है कि इस पाखंड में हम खुद को भी भुला बैठें।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button