इन जिलों में आज खूब बरसेंगे बादल, पांच जिलों में बंद रहेंगे स्कूल
मौसम विभाग की चेतावनी पर जिला प्रशासन अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड के पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश आफत बनी हुई है। हाल फिलहाल में मौसम के तेवर भी नरम होते नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी देहरादून, टिहरी, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग व बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा व गर्जन के आकाशीय बिजली चमकने या वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर होने की आशंका है। इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शेष जिलों में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने व वर्षा के अति तीव्र दौर हो सकते हैं।
इसे देखते हुए देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर और नैनीताल में जिला प्रशासन ने सोमवार यानी 25 अगस्त को कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एहतियात के तौर पर छुट्टी घोषित की है। देहरादून में देर रात जिला प्रशासन की ओर से इस आशय का आदेश पत्र जारी किया गया।




