
देहरादून, 5 अक्टूबर: सरकारी जमीन बेचने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उत्तराखंड के चर्चित कारोबारी सुधीर विंडलास और उनके करीबी गोपाल गोयनका की 2.20 करोड़ रुपये की संपत्ति को अटैच कर लिया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 के तहत की गई है। ईडी की यह कार्रवाई सीबीआई देहरादून की ओर से दर्ज उस एफआईआर के आधार पर हुई है, जिसमें सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर उसे बेचने का आरोप है।
जोहड़ी में सरकारी जमीन को बनाया ‘निजी संपत्ति’
जांच में खुलासा हुआ कि गोपाल गोयनका, कुछ अन्य लोगों और राजस्व विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से देहरादून के जोहड़ी गांव की दो हेक्टेयर सरकारी जमीन को कागजों में निजी संपत्ति दर्शाकर बेच दिया गया। ईडी के अनुसार, सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर कर खतौनियों व खसरा नंबर बदल दिए गए ताकि जमीन की बिक्री कानूनी दिखाई दे।
अवैध धन से खड़ी की नई संपत्तियां
ईडी की जांच रिपोर्ट के मुताबिक, गोपाल गोयनका ने इस फर्जी बिक्री से करोड़ों रुपये अर्जित किए और उस अवैध धन से अन्य संपत्तियां खरीदीं। यही संपत्तियां अब ईडी के निशाने पर हैं।



